2027 वर्ल्ड कप खेलेंगे रोहित-विराट, न्यूजीलैंड में फ्लॉप शो के बावजूद BCCI का बड़ा भरोसा

क्रिकेट: भारतीय क्रिकेट के गलियारों से इस वक्त की सबसे बड़ी और धमाकेदार खबर सामने आ रही है। न्यूजीलैंड दौरे पर भले ही रोहित शर्मा और विराट कोहली का बल्ला खामोश रहा हो, लेकिन भारतीय क्रिकेट के हुक्मरानों का भरोसा इन दोनों दिग्गजों पर पूरी तरह बरकरार है।

बड़ी खबर यह है कि अगर रोहित और विराट खुद खेलना चाहते हैं और फिट रहते हैं, तो अगले साल 2 अक्टूबर से 21 नवंबर तक दक्षिण अफ्रीका में होने वाले 2027 वनडे वर्ल्ड कप में दोनों का खेलना लगभग तय है। लेकिन इस फैसले के पीछे बीसीसीआई, टीम प्रबंधन और पूर्व मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर के बीच ऐसा क्या घमासान मचा कि अगरकर को अपनी कुर्सी तक गंवानी पड़ी?

हाल ही में खत्म हुई न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज में रोहित शर्मा चार मुकाबलों में महज 30 रन ही बना सके और दो बार शून्य पर आउट हुए। वहीं विराट कोहली 86 रनों के साथ भारत के टॉप स्कोरर जरूर रहे, लेकिन यह आंकड़ा उनके कद से मेल नहीं खाता।

सीरीज से पहले जहां रोहित के प्रदर्शन को परखने की बात हो रही थी, वहीं अब बीसीसीआई के एक शीर्ष पदाधिकारी ने साफ कर दिया है कि दक्षिण अफ्रीका की कठिन पिचों पर रोहित, विराट और उपकप्तान श्रेयस अय्यर के अनुभव के बिना जीत मुमकिन नहीं है। बोर्ड का मानना है कि ये दोनों लीजेंड हैं और संन्यास का फैसला वे खुद लेंगे।

दिलचस्प बात यह है कि अब यह मामला न तो चयनकर्ताओं के हाथ में है और न ही टीम प्रबंधन के। अजीत अगरकर के साथ हुए सुलूक के बाद कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट भी इस मुद्दे पर हाथ नहीं जलाना चाहते। भारत को विश्व कप से पहले श्रीलंका, जिंबाब्वे, एशिया कप और दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सीमित वनडे मैच ही खेलने हैं। ऐसे में रोहित की जगह यशस्वी जायसवाल जैसे युवा ओपनर को तैयार करने का समय अब लगभग निकल चुका है।

इस पूरे विवाद की जड़ जुलाई में लॉर्ड्स वनडे से पहले की एक घटना है। तब चयनकर्ताओं ने रोहित से कहा था कि वे 2027 वर्ल्ड कप के लिए आगे की सोच रहे हैं और वह मैच उनका आखिरी मुकाबला हो सकता है। जब यह बात बोर्ड तक पहुंची, तो पदाधिकारी अगरकर के खिलाफ हो गए।

इसके बाद 3 सितंबर को मुंबई में हुई अहम बैठक में कप्तान शुभमन गिल, श्रेयस अय्यर, गौतम गंभीर और वीवीएस लक्ष्मण तो पहुंचे, लेकिन अजीत अगरकर निजी कार्यक्रम के चलते नदारद रहे। 13 से 17 सितंबर के बीच दिल्ली टी-20 में भी बोर्ड अधिकारियों और अगरकर के बीच चुप्पी बनी रही—और वहीं तय हो गया कि उनका कार्यकाल आगे नहीं बढ़ेगा।

सितंबर तक जहां अगरकर और गंभीर भविष्य की टीम की वकालत कर रहे थे, वहीं बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने खुलकर रोहित शर्मा का पक्ष लिया था। भले ही रास्ते और विचार अलग-अलग रहे हों, लेकिन सबका मकसद एक ही है—2027 में विश्व कप की ट्रॉफी भारत लाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed