दशहरा पर सिनेमाघरों में छाएगी ‘ नई नवेली’, यामी गौतम धर की फैंटेसी फैमिली फिल्म 16 अक्टूबर को होगी रिलीज!
मुंबई: दशहरा 2026 के मौके पर सिनेमाघरों में दर्शकों के लिए मनोरंजन का एक नया पैकेज तैयार है। अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येल्लो ने अपनी नई फैंटेसी फैमिली एंटरटेनर ‘नय्यी नवेली’ की घोषणा कर दी है। फिल्म में यामी गौतम धर मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। फिल्म का कॉन्सेप्ट परिवार, कॉमेडी, फैंटेसी और रोमांच का दिलचस्प मिश्रण पेश करता है।
फिल्म का निर्देशन बालाजी मोहन ने किया है। वहीं इसकी कहानी हिमांशु शर्मा और दिव्य निधि शर्मा ने लिखी है। फिल्म का निर्माण आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा ने किया है, जबकि इसके संगीत की जिम्मेदारी मशहूर संगीतकार जी. वी. प्रकाश कुमार के पास है। मेकर्स ने फिल्म की रिलीज डेट भी सामने रख दी है। ‘नई – नवेली’ 16 अक्टूबर 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
एक परफेक्ट दुल्हन और परिवार के बीच शुरू होगी अजीब कहानी!
‘नई नवेली’ की कहानी एक ऐसी दुल्हन पर आधारित है, जिसकी एंट्री मेरठ के एक बेहद अव्यवस्थित परिवार में होती है। शुरुआत में वह एक परफेक्ट बहू के तौर पर नजर आती है और उसकी मौजूदगी से घर का माहौल पूरी तरह बदल जाता है। परिवार में जैसे खुशियां लौट आती हैं और सबकुछ बेहद खूबसूरत नजर आने लगता है।
लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है, जब दुल्हन का देवर उसके व्यवहार को लेकर शक करने लगता है। उसे लगता है कि उसकी भाभी जितनी परफेक्ट दिखाई दे रही हैं, शायद असलियत में वह उतनी सामान्य नहीं हैं। धीरे-धीरे उसके मन में सवाल उठने लगता है कि कहीं उसकी भाभी डायन तो नहीं हैं?
यही सवाल फिल्म की कहानी को एक मजेदार और फैंटेसी से भरपूर दिशा में लेकर जाता है। दर्शकों को फिल्म में यह देखने को मिलेगा कि आखिर इस परिवार के साथ क्या होने वाला है और दुल्हन के पीछे छिपा रहस्य क्या है।
यामी गौतम धर का दिखेगा नया अंदाज
‘नई नवेली’ में यामी गौतम धर एक बिल्कुल अलग तरह के किरदार में दिखाई देंगी। फिल्म के कॉन्सेप्ट को देखते हुए उनका किरदार मासूमियत, गर्मजोशी और शरारत का अनोखा मिश्रण नजर आ रहा है। यही वजह है कि फिल्म की कास्टिंग को लेकर मेकर्स भी काफी उत्साहित हैं।
अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज़ के निदेशक और प्राइम वीडियो इंडिया एवं अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज़ के एसवीओडी ओरिजिनल्स के प्रमुख निखिल मधोक ने फिल्म को लेकर कहा कि जब फिल्म पूरी तरह तैयार होकर सामने आई, तब टीम को महसूस हुआ कि ‘नई नवेली’ दशहरा के लिए बिल्कुल सही फिल्म है। उन्होंने यामी गौतम धर और पूरी स्टारकास्ट के काम की भी तारीफ की। उन्होंने यह भी कहा कि अमेजॉन एमजीएम स्टूडियोज़ और कलर येल्लो की यह साझेदारी परिवार के साथ सिनेमाघरों में फिल्म देखने वाले दर्शकों के लिए एक खास मनोरंजन लेकर आने वाली है।
आनंद एल राय बोले- हर मोड़ पर चौंकाएगी फिल्म
निर्माता आनंद एल राय ने ‘नय्यी नवेली’ को ऐसी कहानी बताया है, जो दर्शकों को हर मोड़ पर सरप्राइज करेगी। उनके मुताबिक, हिमांशु शर्मा के साथ जब उन्होंने पहली बार इस कहानी पर बातचीत की, तो उन्हें इसकी अनोखी दुनिया तुरंत पसंद आ गई।
फिल्म में परिवार के रिश्तों के साथ फैंटेसी, ह्यूमर और एडवेंचर को जोड़ा गया है। आनंद एल राय के मुताबिक, यामी गौतम धर इस किरदार के लिए बिल्कुल सही पसंद थीं।
दशहरा पर मिलेगा फैमिली एंटरटेनमेंट का फुल डोज!
‘नई नवेली’ की सबसे बड़ी खासियत इसका फैंटेसी और फैमिली एंटरटेनमेंट का कॉम्बिनेशन है। फिल्म में एक तरफ परिवार के बीच होने वाली नोकझोंक और कॉमेडी देखने को मिलेगी, तो दूसरी तरफ कहानी में रहस्य और फैंटेसी का तड़का भी होगा।
मेकर्स फिल्म को एक बड़े स्तर की फेस्टिव एंटरटेनर के तौर पर पेश करने की तैयारी में हैं। दशहरा जैसे त्योहार पर रिलीज होने के कारण फिल्म से फैमिली ऑडियंस को खास तौर पर जोड़ने की उम्मीद की जा रही है।
अब दर्शकों को 16 अक्टूबर 2026 का इंतजार है, जब यामी गौतम धर की ‘नई नवेली’ सिनेमाघरों में दस्तक देगी। एक नई नवेली दुल्हन, मेरठ का एक अजीबोगरीब परिवार और डायन होने का शक इन तीनों के बीच बनने वाली यह कहानी दशहरा पर दर्शकों को हंसाने के साथ-साथ खूब एंटरटेन करने का वादा कर रही है।
