अभिनेता अन्नू कपूर की फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का ऑफिशियल पोस्टर हुआ रिलीज
बॉलीवुड में जब भी लीक से हटकर और सामाजिक व्यंग्य वाली कॉमेडी फिल्मों की बात आती है, तो दर्शकों का एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर पहुंच जाता है। हाल ही में एक मजेदार टीज़र से दर्शकों की उत्सुकता बढ़ाने के बाद, अब फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ के मेकर्स ने इसका ऑफिशियल पोस्टर जारी कर दिया है।
इस पोस्टर ने रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। पोस्टर के केंद्र में नजर आ रहे हैं दिग्गज अभिनेता अन्नू कपूर, जो एक विशाल चक्र के ऊपर रखी टॉयलेट सीट पर बैठे हुए बेहद उलझन में दिखाई दे रहे हैं। ‘कर्म बड़े या किस्मत?’ की मजेदार टैगलाइन वाली यह फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए तैयार है।
फिल्म ‘उत्तर दा पुत्तर’ का यह पोस्टर सिर्फ मजेदार ही नहीं है, बल्कि यह फिल्म की अनोखी दुनिया की एक गहरी झलक भी देता है। पोस्टर में अन्नू कपूर का किरदार एक विशाल वास्तु-प्रेरित चक्र के ऊपर रखे टॉयलेट पर बैठा नजर आता है, जो साफ तौर पर किस्मत, दिशा और जीवन की अप्रत्याशित परिस्थितियों के बीच इंसान की उलझन को दर्शाता है।
यह दृश्य फिल्म के हल्के-फुल्के अंदाज़ में अंधविश्वास, भाग्य और ‘सही दिशा’ की तलाश पर करारा व्यंग्य करता है। फिल्म की टैगलाइन है— ‘कर्म बड़े या किस्मत?’, जो दर्शकों को यह सोचने पर मजबूर करती है कि क्या हमारी ज़िंदगी हमारे कर्मों से चलती है या फिर सब कुछ पहले से तय किस्मत का खेल है? पोस्टर में अन्नू कपूर के आसपास दिख रहे अन्य किरदार इस मजेदार और दिलचस्प सफर को और भी खास बनाते हैं।
फिल्म में सिर्फ अन्नू कपूर ही नहीं, बल्कि रुखसार रहमान, ब्रिजेंद्र काला, पवन मल्होत्रा, इश्तियाक खान, जीवेशु अहलूवालिया, राजेंद्र सेठी, सुमित गुलाटी और नितिन अरोड़ा जैसे मंझे हुए कलाकारों की एक लंबी फौज है, जो कॉमेडी और पारिवारिक ड्रामे का जबरदस्त तड़का लगाने के लिए तैयार हैं।
पोस्टर को मिल रहे शानदार रिस्पॉन्स पर बात करते हुए निर्माता संदीप कपूर ने कहा कि— ‘हम चाहते थे कि पोस्टर फिल्म की अलग पहचान को दर्शाए। यह मज़ेदार, अनोखा और थोड़ा अप्रत्याशित है— ठीक हमारी कहानी की तरह। फिल्म इस बात को दिखाती है कि लोग अक्सर समाधान अपने बाहर खोजते हैं, जबकि ज़िंदगी खुद उन्हें अंदर से चौंकाती रहती है। हमें उम्मीद है कि यह पोस्टर लोगों के चेहरे पर मुस्कान लाएगा।‘
हाल ही में जारी हुए इसके टीज़र ने पहले ही दर्शकों को एक ऐसी दुनिया से रूबरू करा दिया था, जहां केवल ‘सही दिशा’ ढूंढने से लोगों को लगता है कि उनकी किस्मत बदल जाएगी। अब यह पोस्टर उसी गुदगुदाने वाले विचार को और आगे बढ़ाता है।
अगर आप भी घिसी-पिटी कहानियों से ऊब चुके हैं और कुछ नया, मजेदार और दिमाग की बत्ती जलाने वाला सिनेमा देखना चाहते हैं, तो ‘उत्तर दा पुत्तर’ आपके लिए एक परफेक्ट चॉइस हो सकती है। फिल्म 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में दस्तक देने जा रही है।
