बिग बॉस फेम नीलम गिरी और प्रवेश लाल यादव का नया सैड सॉन्ग ‘मिलल जरुरी बा’ हुआ रिलीज

भोजपुरी सिनेमा में जहां एक तरफ धमाकेदार और नाचने-गाने वाले गानों की धूम रहती है, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे गाने भी आते हैं जो सीधे आपके दिल को छू लेती है। बिग बॉस फेम नीलम गिरी और एक्टर प्रवेश लाल यादव का ऐसा ही एक दिल को छू लेने वाला सैड सॉन्ग रिलीज हुआ है, जिसका नाम है— ‘मिलल जरुरी बा’। एक ऐसी प्रेम कहानी, जिसकी शुरुआत तो बेहद खूबसूरत थी, लेकिन इसका अंत इतना खौफनाक और दर्दनाक होगा, इसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी।

तेजस लेबल के तहत रिलीज हुए गाने ‘मिलल जरुरी बा’ की कहानी प्यार, जुदाई और अधूरेपन के इर्द-गिर्द घूमती है। वीडियो में दिखाया गया है कि कैसे नीलम गिरी और प्रवेश लाल यादव कभी एक-दूसरे से बेइंतहा मोहब्बत करते थे। दोनों की दुनिया खुशियों से भरी थी, लेकिन फिर दोनों के बीच एक ‘गलतफहमी’ की दीवार खड़ी हो जाती है। यह गलतफहमी इस कदर बढ़ती है कि हंसता-खेलता रिश्ता पल भर में बिखर जाता है। कहानी का सबसे दर्दनाक मोड़ तब आता है जब नीलम गिरी की मौत हो जाती है। इस सदमे को प्रवेश लाल यादव बर्दाश्त नहीं कर पाते, वे डिप्रेशन में चले जाते हैं और अंत में नीलम की याद में तड़पते-तड़पते उनकी भी जान चली जाती है।

इस बेहद भावुक कहानी को अपनी जादुई और दर्दभरी आवाज़ से सजाया है सिंगर सुगम सिंह ने। सुगम सिंह की गायकी में वो दर्द और कसक साफ महसूस की जा सकती है, जो जुदाई के इस एहसास को और भी गहरा बना देती है। गाने के दिल को छू लेने वाले बोल उमा लाल यादव ने लिखे हैं, जो सीधे दर्शकों के दिल पर चोट करते हैं। वहीं, दीपल ठाकुर का तैयार किया गया कमाल का संगीत इस पूरे वीडियो को और भी ज्यादा असरदार और थ्रिलिंग बना देता है।

इस प्रोजेक्ट को RKK Films Pvt. Ltd. की ओर से प्रोड्यूस किया गया है, जिसमें सोनू सरगम आरा को स्पेशल थैंक्स दिया गया है। गाने की खास बात इसकी सिनेमैटोग्राफी और शानदार लोकेशंस भी हैं, जिन्हें बहुत ही सलीके और खूबसूरती से कैमरे में कैद किया गया है। रिलीज के बाद से ही फैंस इस गाने को बार-बार देख रहे हैं और कमेंट बॉक्स में प्रवेश लाल और नीलम गिरी की एक्टिंग की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

‘मिलल जरुरी बा’ सिर्फ एक गाना नहीं, बल्कि उन प्रेमियों की दास्तां है जो जीते जी तो एक न हो सके, लेकिन मौत ने उन्हें हमेशा के लिए एक कर दिया। नीलम गिरी और प्रवेश लाल का यह अंदाज लंबे समय तक दर्शकों के दिलों में जिंदा रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed