खेसारी लाल यादव का गाना ‘तकदीर’ यूट्यूब पर हुआ वायरल
भोजपुरी के ट्रेंडिग स्टार खेसारी लाल यादव अक्सर अपने धमाकेदार गानों से आपको झूमने पर मजबूर कर देते हैं, लेकिन इस बार मामला कुछ अलग है। खेसारी की फिल्म ‘अग्निपरीक्षा’ का गाना ‘तकदीर’ रिलीज हो चुका है और इसे सुनकर उनके चाहने वालों की आंखें नम हैं। आकांक्षा पुरी और नीलम गिरी के साथ रिश्तों के इस उलझे हुए त्रिकोण ने दर्शकों के दिल को झकझोर कर रख दिया है।
सुर म्यूजिक के यूट्यूब चैनल पर रिलीज हुए गाने ‘तकदीर’ की कहानी किसी फिल्मी ड्रामे से कम नहीं है। वीडियो की शुरुआत में दिखाया गया है कि आकांक्षा पुरी और खेसारी लाल यादव एक-दूसरे के प्यार में डूबे हुए हैं। उनकी मुलाकात से लेकर प्यार के परवान चढ़ने तक की कहानी फ्लैशबैक के जरिए दिखाई गई है। लेकिन कहानी में असली ट्विस्ट तब आता है जब खुशियों के बीच जुदाई का साया मंडराता है और खेसारी की शादी अचानक नीलम गिरी से हो जाती है। अपनी आंखों के सामने अपने प्यार को किसी और का होते देख आकांक्षा का दिल टूट जाता है और यहीं से शुरू होता है दर्द का वो सिलसिला जो पूरे गाने में छाया रहता है।
इस दर्दभरी दास्तां को अपनी आवाज़ से सजाया है मशहूर सिंगर खुशबू तिवारी ने। खुशबू की आवाज़ में वो कसक और दर्द साफ महसूस किया जा सकता है, जो सीधे दर्शकों के दिल को छू रहा है। गाने के शब्द कुंदन प्रीत ने लिखे हैं, जो प्यार में मिली बेवफाई और तकदीर के खेल को बखूबी बयान करते हैं। वहीं रौशन सिंह के संगीत ने इस इमोशनल ट्रैक को और भी ज्यादा असरदार बना दिया है।
रिलीज के चंद घंटों के भीतर ही ‘तकदीर’ ने व्यूज के मामले में रफ़्तार पकड़ ली है। रिलीज़ के कुछ ही घंटों में इस गाने को करीब 2 लाख लोग देख चुके हैं और यह आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। खेसारी का यह नया अवतार फैंस को काफी पसंद आ रहा है। सोशल मीडिया पर लोग लगातार कमेंट कर रहे हैं। ‘किंग’ नाम के एक यूजर ने तो यहाँ तक लिख दिया कि ‘आग लगा दिया खेसारी भैया, सुपरहिट गाना’। साफ है कि खेसारी का यह दर्दभरा अंदाज एक बार फिर ब्लॉकबस्टर साबित होने वाला है।
