दिल्ली की सड़कों पर फिर दौड़ेगा ई-रिक्शा, रजिस्ट्रेशन पर लगी रोक हटी
नई दिल्ली: दिल्ली के हजारों ई-रिक्शा चालकों और डीलर्स के लिए एक बड़ी और राहत भरी खबर सामने आई है। पिछले चार-पांच महीनों से ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन पर लगी पाबंदी अब हटने जा रही है। दिल्ली सरकार ने 15 मई से इस प्रक्रिया को दोबारा शुरू करने की आधिकारिक घोषणा कर दी है।
दिल्ली सरकार ने पिछले कुछ महीनों से ई-रिक्शा रजिस्ट्रेशन को ठंडे बस्ते में डाल रखा था। सरकार का तर्क था कि इस पूरे सिस्टम को दुरुस्त करने की जरूरत है। ईवीएमएस के जनरल सेक्रेटरी राजीव तुली के मुताबिक, सारा विवाद ई-रिक्शा ड्राइवरों की ट्रेनिंग और उनके सर्टिफिकेट को लेकर फंसा हुआ था। सोमवार को जब ईवीएमएस के डेलिगेशन ने परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह से दूसरी बार मुलाकात की, तो मंत्री जी ने साफ किया कि 12 मई से सर्टिफिकेट पोर्टल को फिर से चालू कर दिया गया है, जो रजिस्ट्रेशन का रास्ता साफ करने की दिशा में बड़ा कदम है।
रजिस्ट्रेशन पर रोक के दौरान मामला तब और गरमाया जब 29 अप्रैल को ई-रिक्शा निर्माता, डीलर और चालक अपनी मांगों को लेकर तालकटोरा स्टेडियम में इकट्ठा हुए। इससे पहले ईवीएमएस के डेलिगेशन ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से भी मुलाकात की थी, जहाँ मुख्यमंत्री ने जल्द से जल्द समाधान निकालने का आश्वासन दिया था। उसी स्टेडियम में परिवहन मंत्री डॉ. पंकज सिंह ने घोषणा की थी कि 15 मई से रजिस्ट्रेशन दोबारा शुरू होंगे, जिस पर अब सरकार ने अपनी अंतिम मुहर लगा दी है।
सोमवार को हुई इस अहम मुलाकात में ईवीएमएस के कोषाध्यक्ष अमित झांब, उपाध्यक्ष पवन कक्कड़, सचिव मितुल बत्रा और दिनेश गोयल भी मौजूद रहे। राजीव तुली ने बताया कि उनकी संस्था पिछले कई सालों से मैन्युफैक्चरर्स और ड्राइवरों की बेहतरी के लिए काम कर रही है। रजिस्ट्रेशन शुरू होने से न केवल व्यापार को गति मिलेगी, बल्कि हजारों ड्राइवरों के रोजगार का संकट भी दूर होगा। दिल्ली सरकार के इस फैसले से ई-रिक्शा इंडस्ट्री में खुशी की लहर है।
