ऋतिक रोशन ने ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ की टीम के साथ मिलाया हाथ, फिल्म का भारत में किया प्रमोशन

क्या आपने कभी सोचा था कि ऋतिक रोशन ने जिस ‘जादू’ को बरसों पहले धरती से विदा किया था, वो वापस आएगा? और वो भी अकेले नहीं, बल्कि हॉलीवुड के एक नए एलियन दोस्त ‘रॉकी’ के साथ! ऋतिक रोशन ने हॉलीवुड की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ के साथ हाथ मिलाया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ऋतिक, एलियन रॉकी को अपना आइकोनिक हुक स्टेप सिखाते नजर आ रहे हैं, जिसे देख ‘जादू’ का रिएक्शन देखने लायक है।

हॉलीवुड और बॉलीवुड का यह अब तक का सबसे अनोखा क्रॉसओवर है। सोनी पिक्चर्स ने ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ को भारतीय दर्शकों के करीब लाने के लिए ऋतिक रोशन के ‘नॉस्टेल्जिया’ का सहारा लिया है। वीडियो में दिखाया गया है कि ऋतिक रोशन, एलियन ‘रॉकी’ को अपना प्रसिद्ध ‘एक पल का जीना’ डांस स्टेप सिखा रहे हैं। इस दौरान ऋतिक के पुराने दोस्त ‘जादू’ की एंट्री होती है, जिसकी मज़ेदार और हल्की जलन वाली प्रतिक्रिया फैंस का दिल जीत रही है। यह वीडियो दो अलग-अलग दुनियाओं—’कोई मिल गया’ और ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’—की मानव-एलियन दोस्ती को एक सूत्र में पिरोता है।

यह सहयोग कोई इत्तेफाक नहीं है। ऋतिक रोशन ने दिसंबर 2025 में ही एंडी वियर के बेस्टसेलिंग उपन्यास ‘प्रोजेक्ट हेल मैरी’ के प्रति अपना प्यार जाहिर किया था। बता दें कि एंडी वियर वही लेखक हैं जिन्होंने ‘द मार्शियन’ जैसी ब्लॉकबस्टर कहानी लिखी थी। ऋतिक की इस कहानी में गहरी रुचि को देखते हुए मेकर्स ने उन्हें भारत में इस फिल्म का चेहरा बनाया है। सोनी पिक्चर्स इंडिया के प्रमुख शॉनी पंजीकरण ने कहा कि— ‘ऋतिक का दर्शकों से सश्क्त जुड़ाव उन्हें इस महत्वाकांक्षी फिल्म के लिए एक आदर्श प्रतिनिधि बनाता है।‘

प्रसिद्ध निर्देशक जोड़ी फिल लॉर्ड और क्रिस्टोफर मिलर द्वारा निर्देशित यह फिल्म ‘रायलैंड ग्रेस’ की कहानी है, जिसका किरदार हॉलीवुड स्टार रायन गॉसलिंग निभा रहे हैं। वह एक ऐसे अंतरिक्ष यात्री हैं जो एक रहस्यमयी यान पर जागते हैं, लेकिन उन्हें अपनी पहचान और मिशन के बारे में कुछ भी याद नहीं है। मानवता को बचाने के इस मिशन में उनकी मुलाकात रॉकी से होती है। भारत में ऋतिक रोशन के जुड़ने से अब इस फिल्म को लेकर एक अलग ही क्रेज पैदा हो गया है, खासकर ‘जादू’ के फैंस के बीच।

‘जादू’ और ‘रॉकी’ की इस नई दोस्ती ने इंटरनेट पर धूम मचा दी है। ऋतिक रोशन का ये ग्लोबल अंदाज भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ा गर्व का पल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *