‘Carry On Jatta 4’ का टीज़र हुआ जारी, VFX के ज़रिए लौटे दिग्गज कलाकार जसविंदर भल्ला

पंजाबी सिनेमा की सबसे सफल फ्रैंचाइज़ी ‘कैरी ऑन जट्टा’ एक बार फिर लौट रही है, लेकिन इस बार का शोर हंसी से ज़्यादा जज्बातों का है। ‘Carry On Jatta 4’ का पहला टीज़र जारी हो गया है और जिसने भी इसे देखा, उसकी आँखें फटी की फटी रह गईं। पर्दे पर एक बार फिर वही आवाज़ और वही अंदाज़ नज़र आया, जिसे दुनिया अलविदा कह चुकी थी। जी हाँ, दिग्गज कलाकार जसविंदर भल्ला, जो अब हमारे बीच नहीं हैं, वे आधुनिक VFX तकनीक के ज़रिए इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाते दिखेंगे।

पंजाबी मनोरंजन जगत के सबसे प्रिय कलाकार जसविंदर भल्ला का निधन फिल्म की शूटिंग शुरू होने से पहले ही हो गया था। पूरी टीम के लिए उनके बिना ‘कैरी ऑन जट्टा’ की कल्पना करना असंभव था। इसी कमी को पूरा करने के लिए निर्माताओं ने एडवांस VFX और CG तकनीक का सहारा लिया। पिछले छह महीनों से उनकी पुरानी फिल्मों की फुटेज को सावधानीपूर्वक स्कैन किया गया, ताकि उनकी बनावट, आवाज़ और कॉमिक टाइमिंग को पूरी तरह प्रामाणिक बनाया जा सके। यह भारतीय क्षेत्रीय सिनेमा के इतिहास में संभवतः पहली बार है कि कोई दिवंगत कलाकार तकनीक के दम पर दोबारा लीड रोल में अभिनय करता नज़र आएगा।

इस ऐतिहासिक पहल के लिए जसविंदर भल्ला की पत्नी का आशीर्वाद और सहमति ली गई। फिल्म के मुख्य अभिनेता गिप्पी ग्रेवाल ने भारी मन से कहा कि— भल्ला पाजी हमारे लिए सिर्फ एक कलाकार नहीं, बल्कि मार्गदर्शक और इस फ्रेंचाइजी की आत्मा थें। हमने उन्हें दोबारा नहीं बनाया है, बल्कि उनके जीवन और विरासत का जश्न मनाया है। गिप्पी ने साफ किया कि यह तकनीक का प्रदर्शन नहीं, बल्कि एक सच्चे लीजेंड को उनकी टीम की तरफ से विनम्र श्रद्धांजलि है। उनकी वही हंसी और वही ऊर्जा अब 26 जून 2026 को बड़े पर्दे पर फिर से गूँजेगी।

फिल्म में जसविंदर भल्ला के साथ गिप्पी ग्रेवाल, सरगुन मेहता और बिन्नू ढिल्लों जैसे दिग्गजों की फौज है। टीज़र ने सोशल मीडिया पर आते ही हलचल मचा दी है। दर्शकों के लिए यह पुरानी यादों और नए उत्साह का एक अनोखा संगम है। मेकर्स को उम्मीद है कि ‘Carry On Jatta 4’ न केवल हंसी के सारे रिकॉर्ड तोड़ेगी, बल्कि जसविंदर भल्ला के प्रशंसकों को एक ऐसा तोहफा देगी जिसे वे उम्र भर संजो कर रखेंगे। फिल्म 26 जून 2026 को रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

जसविंदर भल्ला जैसे कलाकार कभी मरते नहीं, वे अपनी कला के ज़रिए हमेशा अमर रहते हैं। ‘Carry On Jatta 4’ ने तकनीक और भावनाओं के मेल से जो उदाहरण पेश किया है, वह काबिले तारीफ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *