पवन सिंह की पत्नी को भड़काने का आरोप: अक्षरा ने दिया करारा जवाब, कहा- मैं घर तोड़ने वाली औरत नहीं हूं

बिहार: भोजपुरी इंडस्ट्री की सबसे चर्चित और विवादित प्रेम कहानी एक बार फिर सुर्खियों में है। पवन सिंह और अक्षरा सिंह—एक ऐसा रिश्ता जिसने प्यार की मिसाल भी दी और नफरत के वो मंजर भी देखे जो अदालतों तक पहुँचे। सालों बाद अक्षरा सिंह ने पहली बार उस आरोप पर चुप्पी तोड़ी है कि उन्होंने पवन सिंह और ज्योति सिंह का घर तोड़ने की कोशिश की।

भोजपुरी सिनेमा में पवन सिंह और अक्षरा सिंह का रिश्ता किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। कई सालों तक साथ रहने के बाद जब पवन सिंह ने अचानक ज्योति सिंह से शादी की, तो अक्षरा का दिल बुरी तरह टूट गया। उस वक्त अक्षरा पर कई इल्जाम लगे। कहा गया कि वो ज्योति सिंह को पवन के खिलाफ भड़काती थीं। लेकिन अक्षरा का कहना है कि कहानी का सच कुछ और ही है। अक्षरा ने साफ शब्दों में कहा— “जैसे ही ज्योति ने कदम रखा मैं हाथ जोड़कर साइड हो गई थी। मैं उस तरह की महिसा नहीं हूं जो दूसरों का घर तोड़े।“

अक्षरा ने इंटरव्यू में वो बात भी बताई जो अब तक राज थी। उन्होंने खुलासा किया कि जब ज्योति सिंह अपनी शादीशुदा जिंदगी में परेशान थीं, तो वो अक्षरा को फोन करके रोती थीं। अक्षरा ने कहा— “मैंने उसकी इज्जत रखी। मैं पवन जी का नेचर जानती थी, इसलिए जब ज्योति परेशान हुई तो मैंने उसे बहुत समझाया। कोई भी लड़की परेशान रहेगी तो मैं उसे हिम्मत दूंगी।“ अक्षरा का कहना है कि उन्हें जबरदस्ती इस विवाद में घसीटा गया, जबकि वो पूरी तरह से अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुकी थीं।

इस बातचीत के दौरान अक्षरा का अकेलापन भी नजर आया। उन्होंने स्वीकार किया कि उन्हें अकेलेपन से डर लगता है, इसीलिए वो खुद को काम में इतना बिजी रखती हैं कि खुद को वक्त ही नहीं दे पातीं। लेकिन इन कड़वी यादों के बावजूद अक्षरा के दिल में उम्मीद अभी बाकी है। उन्होंने शादी करने की इच्छा जाहिर करते हुए कहा कि— “कोई तो होगा जो मेरे लिए बना होगा।“ यानी अक्षरा अब जिंदगी के उस पुराने और दर्दनाक चैप्टर को बंद कर नई शुरुआत के लिए तैयार हैं।

अक्षरा सिंह के इन खुलासों ने एक बार फिर भोजपुरी इंडस्ट्री में हलचल पैदा कर दी है। एक तरफ पवन सिंह अपनी पर्सनल लाइफ को सुलझाने में लगे हैं, तो दूसरी तरफ अक्षरा ने सालों का गुबार निकालकर खुद को पाक-साफ बताया है। अब देखना होगा कि पवन सिंह की तरफ से इस पर क्या प्रतिक्रिया आती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *