“सिनेमा, कला और संस्कृति का महासंगम”: दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 का भव्य आगाज
दिल्ली: राजधानी दिल्ली एक बार फिर वैश्विक सिनेमा और कला के रंग में सराबोर होने के लिए तैयार है। Indira Gandhi National Centre Of Arts (आईजीएनसीए) के सहयोग से 15वें दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (DIFF 2026) का शानदार आगाज हो चुका है। सायं 6 बजे आईजीएनसीए के समवेत सभागार में आयोजित इस भव्य समारोह में दुनिया भर के सिनेमाई दिग्गजों और कलाकारों का जमावड़ा लगा।
संस्कृति मंत्रालय के तहत शुरू हुआ यह महोत्सव वैश्विक सिनेमा, कला और साहित्य को एक साझा मंच पर लाने की एक अनूठी पहल है। उद्घाटन समारोह की शोभा बढ़ाने के लिए मुख्य अतिथि के रूप में दादासाहेब फाल्के पुरस्कार से सम्मानित प्रख्यात फिल्म निर्माता अडूर गोपालकृष्णन मौजूद रहे। उनके साथ विशिष्ट अतिथियों में आईजीएनसीए के अध्यक्ष राम बहादुर राय, प्रसिद्ध गायिका उषा उत्थुप, बांग्लादेशी स्टार रूना लैला और वरिष्ठ चित्रकार जतिन दास ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराई।
महोत्सव का आधिकारिक शुभारंभ फिल्म ‘हर स्टोरी’ (Her Story) के प्रदर्शन के साथ हुआ। अपने संबोधन में अडूर गोपालकृष्णन ने इस शाम को मित्रता और पारस्परिक सम्मान का अद्भुत अवसर बताया। उन्होंने सिनेमा की शक्ति पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल एक उत्सव नहीं है, बल्कि सिनेमा का उद्देश्य समाज में शांति, प्रेम और करुणा को बढ़ावा देना होना चाहिए। उन्होंने इस आयोजन को मानवीय संवेदनाओं के मिलन का मंच करार दिया।
इस शाम संगीत जगत की दो बड़ी हस्तियों ने भी अपनी बातों से समां बांध दिया। ‘मीनार-ए-दिल्ली’ पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद बांग्लादेशी गायिका रूना लैला ने कहा कि संगीत सीमाओं को पार कर आत्मा का उपचार करता है और यह किसी भी धर्म या जाति में भेदभाव नहीं करता। वहीं, इस महोत्सव में मशहूर गायिका उषा उत्थुप को लाइफटाइम ऑनर अवॉर्ड से नवाज़ा गया, उन्होंने अपने 57 वर्षों के संगीत सफर का श्रेय दर्शकों के प्रेम को दिया। 5 दिनों तक चलने वाले इस महोत्सव में आईजीएनसीए द्वारा निर्मित फिल्मों के साथ-साथ विभिन्न विषयों पर पैनल चर्चाएं भी आयोजित की जाएंगी।
दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव 2026 न केवल सिनेमा प्रेमियों के लिए एक दावत है, बल्कि यह दुनिया भर की विभिन्न संस्कृतियों को समझने का एक बड़ा मौका भी है। आयोजकों ने दर्शकों की भारी मौजूदगी पर खुशी जाहिर की है, जिससे इस महोत्सव की रौनक और बढ़ गई है।
