तेजस्वी प्रकाश और रवि किशन की सीरीज ‘साइको सैयां’ का ट्रेलर आउट, जानें कब और कहाँ देख पाएंगे यह सीरीज

मुंबई: “कहते हैं प्यार इंसान को आबाद कर देता है, लेकिन क्या हो अगर वही प्यार एक ‘टाइम बम’ बन जाए? अमेज़न एमएक्स प्लेयर अपनी नई रोमांटिक थ्रिलर ‘साइको सैयां’ के साथ प्यार की एक ऐसी डार्क साइड दिखाने आ रहा है, जिसे देखकर आपकी रूह कांप जाएगी। उज्जैन की गलियों में बुनी गई यह कहानी सिर्फ रोमांस नहीं, बल्कि रोंगटे खड़े कर देने वाली हिंसा और जुनून की दास्तां है।

ट्रेलर की शुरुआत होती है कार्तिक पांडे नाम के एक युवक से, जिसे लगता है कि उसे दुनिया का सबसे खूबसूरत प्यार मिल गया है। उज्जैन की वादियों में फिल्माई गई यह प्रेम कहानी वैसी ही दिखती है जैसी हमने बचपन से फिल्मी पर्दों पर देखी है—सच्ची, मासूम और काव्यात्मक। लेकिन देखते ही देखते संगीत बदलता है और फिजाओं में खौफ घुल जाता है।

इस सीरीज की सबसे बड़ी चर्चा इसकी स्टारकास्ट को लेकर है। टीवी की चहेती तेजस्वी प्रकाश इस सीरीज के जरिए अपना बहुप्रतीक्षित ओटीटी डेब्यू (OTT Debut) करने जा रही हैं। उनके साथ मुख्य भूमिका में हैं अनुद सिंह ढाका। वहीं, इस सीरीज़ में रवि किशन का पावरफुल अंदाज एक अलग ही लेवल का रोमांच पैदा कर रहा है। रवि किशन की मौजूदगी पूरी कहानी को एक अलग गहराई दे रही है। ट्रेलर में प्यार जब ‘स्वामित्व’ (Possessiveness) में बदलता है, तो रवि किशन और यशपाल शर्मा जैसे दिग्गज कलाकार कहानी में जान फूंकते नजर आ रहे हैं।

सिर्फ लीड जोड़ी ही नहीं, बल्कि सुरभि चंदना, सृष्टि श्रीवास्तव, वरुण भगत और अश्विनी कालसेकर जैसे टैलेंटेड कलाकार इस थ्रिलर को और भी मज़बूत बना रहे हैं। यह शो उन हालातों को दर्शाता है जब जुनून, ‘पागलपन’ में बदल जाता है और जब नियंत्रण ही भाग्य तय करने लगता है। बिल्कुल नए अंदाज में दिख रहे रवि किशन ने दर्शकों की उत्सुकता को सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है।

अगर आप बोरियत भरे रोमांस से ऊब चुके हैं और कुछ ऐसा देखना चाहते हैं जो आपके दिमाग को हिला दे, तो ‘साइको सैयां’ आपकी लिस्ट में जरूर होनी चाहिए। यह सीरीज 25 फरवरी को एम एक्स प्लेयर पर स्ट्रीम होने वाली है और इसका ट्रेलर सोशल मीडिया पर पहले ही हिट हो चुका है।

तेजस्वी प्रकाश का नया अवतार और उज्जैन की पृष्ठभूमि में छुपा एक खौफनाक राज… ‘साइको सैयां’ ने यह तो साफ कर दिया है कि ओटीटी की दुनिया में इस बार प्यार की परिभाषा बदलने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *