तेजस्वी यादव की ‘विस्फोटक’ भारत वापसी! दिल्ली में लालू यादव के साथ बंद कमरे में घंटों बनाई रणनीति

दिल्ली: बिहार की राजनीति में पिछले एक महीने से जो सन्नाटा पसरा था, वो अब खत्म होने जा रहा है। आरजेडी के युवा नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव करीब 30 दिनों के विदेश दौरे के बाद वतन लौट आए हैं। दिल्ली पहुँचते ही तेजस्वी ने आधी रात को मीसा भारती के आवास पर लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। बंद कमरे में हुई घंटों की इस गुफ्तगू ने विरोधियों के कान खड़े कर दिए हैं।

करीब एक महीने तक विदेश में रहने के बाद तेजस्वी यादव आखिरकार भारत लौट आए हैं। रविवार को दिल्ली लैंड करने के बाद सोमवार की देर रात तेजस्वी सीधे पंडारा पार्क पहुँचे। यहाँ अपनी बहन मीसा भारती के सरकारी आवास पर उन्होंने पिता लालू प्रसाद यादव से मुलाकात की। सूत्रों की मानें तो पिता और पुत्र के बीच घंटों तक चली इस बैठक में बिहार की वर्तमान राजनीतिक स्थिति और चुनावी हार के बाद पार्टी के पुनर्गठन पर गंभीर चर्चा हुई। यह मुलाकात सिर्फ पारिवारिक नहीं, बल्कि आरजेडी के भविष्य के लिए एक ‘ब्लूप्रिंट’ तैयार करने वाली मानी जा रही है।

तेजस्वी की अनुपस्थिति में बिहार की सत्ताधारी पार्टी बीजेपी और जदयू ने उन पर जमकर निशाना साधा था। उन्हें ‘भगोड़ा’ और ‘पलायनवादी’ तक कहा गया। यहाँ तक कि ‘लापता’ होने के पोस्टर भी लगाए गए। लेकिन वतन लौटते ही लालू यादव के साथ तेजस्वी की इस सक्रियता ने विरोधियों को साफ संकेत दे दिया है कि ‘रणनीति’ अब तैयार है। राजद अब केवल बयानबाजी तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि विधानसभा के आगामी सत्रों में सरकार को घेरने के लिए नई और आक्रामक रूपरेखा के साथ उतरेगी।

खबर है कि अगले 1-2 दिनों में तेजस्वी पटना लौटेंगे। उनके लौटने से पहले ही प्रदेश अध्यक्ष मंगनीलाल मंडल की देखरेख में उन नेताओं की लिस्ट तैयार कर ली गई है जिन्होंने विधानसभा चुनावों में पार्टी के साथ ‘गद्दारी’ की थी। तेजस्वी के हाथ में अब वो रिपोर्ट है जिसके आधार पर पार्टी में ‘सफाई अभियान’ शुरू हो सकता है। एनडीए भले ही राजद के टूटने के दावे कर रहा हो, लेकिन तेजस्वी की वापसी ने कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है।

तेजस्वी यादव की इस वापसी ने यह साफ कर दिया है कि आरजेडी अब ‘वेट एंड वॉच’ की स्थिति से बाहर निकल रही है। लालू यादव के अनुभव और तेजस्वी के नए जोश के साथ पार्टी अब सड़कों पर उतरने की तैयारी में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *