सिंगर उदित नारायण के खिलाफ सुपौल महिला थाना में केस दर्ज, पहली पत्नी बोलीं— “बिना बताए निकाल लिया मेरा गर्भाशय”
सुपौल, बिहार: करोड़ों दिलों पर राज करने वाली आवाज, पद्म भूषण से सम्मानित व्यक्तित्व और बॉलीवुड के सबसे चहेते गायकों में शुमार उदित नारायण के खिलाफ बिहार के सुपौल जिले से एक ऐसी शिकायत दर्ज हुई है, जिसने उदित नारायण के निजी जीवन के उन पन्नों को खोल दिया है जिन्हें शायद वे बंद ही रखना चाहते थे। उतिद नारायण की पहली पत्नी रंजना झा ने न केवल वैवाहिक धोखाधड़ी बल्कि शरीर के साथ हुई एक खौफनाक साजिश का भी पर्दाफाश किया है।
बॉलीवुड की चकाचौंध से दूर बिहार के सुपौल जिले की रहने वाली 61 वर्षीय रंजना नारायण झा ने महिला थाने में एक ऐसी लिखित शिकायत दी है, जिसने कानूनी गलियारों में हड़कंप मचा दिया है। रंजना ने बताया कि 7 दिसंबर 1984 को पूरे पारंपरिक रीति-रिवाज के साथ उनकी शादी उदित नारायण से हुई थी। लेकिन जैसे-जैसे उदित नारायण की कामयाबी का ग्राफ मुंबई में बढ़ा, रंजना के साथ उनके रिश्ते की दूरियां भी बढ़ती गईं। रंजना का आरोप है कि उन्हें जानबूझकर नजरअंदाज किया गया और धोखे में रखा गया।
इस शिकायत का सबसे दहला देने वाला पहलू चिकित्सा से जुड़ी एक कथित साजिश है। रंजना झा ने आरोप लगाया है कि साल 1996 में उन्हें इलाज के बहाने दिल्ली के एक अस्पताल ले जाया गया था। उनका दावा है कि वहां उनकी जानकारी और सहमति के बिना डॉक्टरों ने उनका गर्भाशय (Uterus) निकाल दिया। रंजना के अनुसार, उन्हें इस बड़ी सर्जरी का पता काफी समय बाद चला जब उन्होंने अपनी शारीरिक तकलीफों के चलते दूसरे डॉक्टरों से सलाह ली। रंजना का कहना है कि यह एक सोची-समझी साजिश थी ताकि वह कभी मां न बन सकें और उनके वैवाहिक अधिकारों को हमेशा के लिए खत्म किया जा सके।
रंजना झा ने अपनी पीड़ा साझा करते हुए बताया कि उन्हें उदित नारायण की दूसरी शादी की खबर मीडिया के जरिए मिली थी। उन्होंने आरोप लगाया कि उदित नारायण, उनके दो भाइयों और उनकी दूसरी पत्नी ने मिलकर उनके खिलाफ साजिश रची है। वर्तमान में रंजना न केवल गंभीर बीमारियों से जूझ रही हैं, बल्कि वे भारी आर्थिक तंगी का भी सामना कर रही हैं। उनका आरोप है कि सालों तक मदद के झूठे आश्वासन दिए गए, लेकिन आज उन्हें बेसहारा छोड़ दिया गया है।
सुपौल महिला थाना पुलिस अब इस मामले की सत्यता की जांच कर रही है। फिलहाल, उदित नारायण या उनके परिवार की ओर से इन आरोपों पर कोई सफाई नहीं आई है। करोड़ों प्रशंसकों के चहेते गायक पर लगे ये दाग क्या धुल पाएंगे या यह विवाद संगीत जगत का सबसे बड़ा स्कैंडल बनेगा?
पर्दे के पीछे की हकीकत अक्सर वैसी नहीं होती जैसी दिखाई देती है। क्या रंजना झा को 40 साल बाद इंसाफ मिलेगा? या यह मामला सिर्फ आरोपों के शोर में दबकर रह जाएगा? पुलिस की जांच और उदित नारायण का जवाब इस कहानी का अगला रुख तय करेगा।
