रणवीर सिंह की ‘धुरंधर: द रिवेंज’ रिलीज, फैंस की भारी भीड़ के कारण 24 घंटे चल रहे शो

मुंबई: सिनेमा के शौकीनों के लिए आज का दिन किसी त्यौहार से कम नहीं है। पिछले साल जिसने 1000 करोड़ का आंकड़ा पार कर  इतिहास रचा, वही ‘धुरंधर’ अब अपने दूसरे अध्याय ‘द रिवेंज’ के साथ लौट आया है। रणवीर सिंह की इस फिल्म को लेकर दीवानगी का आलम यह है कि देश के कई हिस्सों में 24 घंटे शो चलाए जा रहे हैं। हालांकि, तकनीकी दिक्कतों के कारण कुछ पेड प्रिव्यू कैंसल जरूर हुए, लेकिन हमजा अली मजारी का जादू सिर चढ़कर बोल रहा है।

फिल्म की कहानी वहीं से शुरू होती है जहाँ पिछला भाग खत्म हुआ था। रहमान डकैत को ढेर कर हमजा अब ल्यारी का बेताज बादशाह बन चुका है। लेकिन ‘धुरंधर: द रिवेंज’ हमें हमजा के अतीत में ले जाती है, जब वह जसकीरत सिंह रंगी हुआ करता था। फिल्म का पहला हिस्सा उसके साथ हुए अन्याय और उसके जसकीरत से हमजा बनने के भावनात्मक और दर्दनाक सफर को दिखाता है। अब उसका मिशन बड़ा है—मेजर इकबाल (अर्जुन रामपाल) और नकली नोटों के सौदागर खनानी ब्रदर्स को जड़ से मिटाना। आदित्य धर ने इस थ्रिलर को ‘चैप्टर फॉर्मेट’ में पेश किया है, जो दर्शकों को अंत तक अपनी सीट से हिलने नहीं देता।

निर्देशक आदित्य धर ने ‘उरी’ के बाद एक बार फिर साबित कर दिया है कि वे ‘मास्टर स्टोरीटेलर’ हैं। करीब 4 घंटे लंबी होने के बावजूद फिल्म कहीं भी सुस्त नहीं पड़ती। फिल्म की शुरुआत एक हाई-ऑक्टेन एक्शन सीन से होती है और इंटरवल तक कहानी तेज रफ्तार से भागती है। फिल्म की सिनेमैटोग्राफी और बैकग्राउंड स्कोर कमाल का है, जो हर सीन के रोमांच को दोगुना कर देता है। हालांकि, फिल्म में दिखाई गई जबरदस्त हिंसा के कारण इसे ‘A’ (एडल्ट) सर्टिफिकेट मिला है, लेकिन क्लाइमैक्स ऐसा है जो आपके रोंगटे खड़े कर देगा। कुछ लोग इसे वेब सीरीज के स्तर की विस्तृत कहानी बता रहे हैं, जिसे बड़े पर्दे पर दो भागों में रिलीज किया गया है।

अभिनय की बात करें तो यह फिल्म पूरी तरह से रणवीर सिंह के नाम रही है। पिछली फिल्म में भले ही अक्षय खन्ना ने वाहवाही लूटी थी, लेकिन इस बार रणवीर शुरुआत से अंत तक छाए रहते हैं। जसकीरत की मासूमियत और हमजा की क्रूरता—दोनों ही किरदारों को उन्होंने बखूबी जिया है। संजय दत्त का अंदाज हमेशा की तरह जोरदार है, वहीं अर्जुन रामपाल विलेन के रूप में रोंगटे खड़े कर देते हैं। आर माधवन, राकेश बेदी और सारा अर्जुन ने भी अपनी छोटी लेकिन महत्वपूर्ण भूमिकाओं से फिल्म में जान फूंक दी है। यह रणवीर सिंह के करियर की सबसे बेहतरीन परफॉर्मेंस मानी जा रही है।

तकनीकी अड़चनों के बावजूद ‘धुरंधर: द रिवेंज’ ने बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। 5 भाषाओं में रिलीज हुई यह फिल्म क्या पिछले साल के 1005 करोड़ के रिकॉर्ड को तोड़ पाएगी? जिस तरह की माउथ पब्लिसिटी मिल रही है, उससे तो यही लगता है कि हमजा अली मजारी का बदला बॉक्स ऑफिस पर नए कीर्तिमान स्थापित करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *