बिहार के वैभव का राष्ट्रपति भवन में जलवा: राष्ट्रपति मुर्मू ने दिया राष्ट्रीय बाल पुरस्कार, अब पीएम मोदी से करेंगे मुलाकात
कहते हैं कि हुनर उम्र का मोहताज नहीं होता और इस बात को सच कर दिखाया है बिहार के 14 साल के वैभव सूर्यवंशी ने। मैदान पर चौकों-छक्कों की बरसात करने वाले वैभव को आज देश के सबसे बड़े सम्मानों में से एक ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से नवाजा गया है। राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने वैभव को यह सम्मान दिया। महज़ 14 साल की उम्र में वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की झड़ी लगाने वाले वैभव अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात करेंगे।
नई दिल्ली के राष्ट्रपति भवन में जब 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के सामने पहुंचे, तो पूरा हॉल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। वैभव को खेल श्रेणी में ‘प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया है। यह पुरस्कार उन बच्चों को मिलता है जो वीरता, कला या खेल जैसे क्षेत्रों में असाधारण काम करते हैं। वैभव की उपलब्धि इसलिए भी बड़ी है क्योंकि वे अब पीएम मोदी के साथ खास मुलाकात कर अपने अनुभव साझा करेंगे।
वैभव का बल्ला इन दिनों आग उगल रहा है। इसी हफ्ते विजय हजारे ट्रॉफी में उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ महज 84 गेंदों में 190 रनों की तूफानी पारी खेली।वैभव के 16 चौके और 15 छक्कों ने किसी भी भारतीय द्वारा लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड तोड़ दिया।वैभव ने लिस्ट-ए क्रिकेट में सबसे तेज 150 रन बनाने के मामले में एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड भी ध्वस्त कर दिया। उनकी बदौलत बिहार ने 50 ओवर में 574 रनों का विशाल स्कोर बनाकर विश्व रिकॉर्ड बनाया।
वैभव की चर्चा तब और तेज हुई जब उन्होंने आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स की तरफ से खेलते हुए गुजरात टाइटन्स के खिलाफ मात्र 35 गेंदों में शतक जड़ दिया। यह आईपीएल इतिहास में किसी भारतीय द्वारा सबसे तेज शतक है। अंडर-19 एशिया कप में भी उन्होंने 171 रनों की यादगार पारी खेली थी। अब उनकी अगली मंजिल है ‘अंडर-19 विश्व कप’। सम्मान समारोह के बाद वैभव सीधे जिम्बाब्वे के लिए उड़ान भरेंगे, जहां 15 जनवरी से वर्ल्ड कप का आगाज होने जा रहा है।
वैभव सूर्यवंशी आज करोड़ों युवाओं के लिए प्रेरणा बन चुके हैं। बिहार के समस्तीपुर में छोटे से गांव से निकलकर राष्ट्रपति भवन तक का यह सफर वैभव की कड़ी मेहनत और उनके बल्ले की धमक का नतीजा है।
