नीतीश सरकार का बड़ा दावा! मंत्री अशोक चौधरी बोले— “अगले 48 घंटों में खुलेगा नीट छात्रा की मौत का राज”
पटना: बिहार की राजधानी पटना में नीट छात्रा की मौत का मामला अब पूरी तरह से सियासी रंग ले चुका है। विपक्ष न्याय की मांग को लेकर सड़कों पर उतर आया है, तो दूसरी ओर सरकार ने जांच की कमान अनुभवी हाथों में सौंप दी है। जेडीयू के कद्दावर मंत्री अशोक चौधरी ने आज विपक्ष के हमलों पर पलटवार करते हुए साफ़ कर दिया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के लिए वह छात्रा अपनी बेटी जैसी थी।
नीट छात्रा की मौत के बाद पटना में आज कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने जमकर बवाल काटा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार का पुतला फूँकते हुए कांग्रेस ने सरकार पर कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। लेकिन इन सबके बीच जेडीयू नेता और मंत्री अशोक चौधरी ने विरोधियों को दो टूक जवाब दिया है। अशोक चौधरी ने दावा किया कि अगले 48 से 72 घंटों के भीतर पुलिस इस मामले का पूरा खुलासा कर देगी।
मंत्री अशोक चौधरी ने बताया कि इस केस में पुलिस को पूरी छूट दी गई है। उन्होंने कहा कि एसआईटी (SIT) की टीम जहानाबाद से लेकर पटना तक हर बिंदु पर जांच कर रही है। हमारे आईजी और सीनियर एसपी खुद इस केस की मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अशोक चौधरी ने साफ़ लहजे में कहा— “यह वो सरकार नहीं है जो अपराधियों को संरक्षण देती है, यहाँ कानून का राज है और लापरवाही बरतने वाले किसी भी शख्स को बख्शा नहीं जाएगा।”
अशोक चौधरी ने विपक्ष को नसीहत देते हुए कहा कि लोगों को भ्रमित न करें। उन्होंने मुख्यमंत्री के उस संकल्प को दोहराया जिसमें वे पूरे बिहार को अपना परिवार मानते हैं। मंत्री के मुताबिक, सरकार इस मामले में जितनी संवेदनशील है, उतनी ही सख्त भी। छात्रा के घर से लेकर उसके हॉस्टल तक, पुलिस हर सुराग खंगाल रही है ताकि सच सामने आ सके।
नीट छात्रा मामले ने अब बिहार की राजनीति की दिशा मोड़ दी है। जहाँ विपक्ष इस मुद्दे को भुनाने की कोशिश में है, वहीं अशोक चौधरी के बयान ने यह साफ कर दिया है कि सरकार जांच रिपोर्ट को लेकर कितनी गंभीर है। अब सबकी नजरें पुलिस के उस खुलासे पर टिकी हैं जिसका वादा सरकार के मंत्री ने किया है।
