पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन का IPL में चलेगा बल्ला, कोलकाता नाइट राइडर्स में हुए शामिल

आईपीएल 2026 के मिनी ऑक्शन ने इस बार अबू धाबी में कई रिकॉर्ड तोड़ दिए। जहां कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने कैमरन ग्रीन पर 25 करोड़ और मथीशा पथिराना पर 16 करोड़ की बरसात कर महफिल लूट ली, वहीं बिहार के लिए भी एक बहुत बड़ी और सुखद खबर सामने आई है। पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव के बेटे सार्थक रंजन अब आईपीएल में अपना दम दिखाते नजर आएंगे। शाहरुख खान की टीम KKR ने सार्थक को अपने खेमे में शामिल कर लिया है।

अबू धाबी में जब आईपीएल 2026 की नीलामी शुरू हुई, तो सबकी नजरें बड़े विदेशी नामों पर थीं। लेकिन जैसे ही बिहार के लाल सार्थक रंजन का नाम गूंजा, बिहार के क्रिकेट प्रेमियों की धड़कनें तेज हो गई। 29 साल के सार्थक रंजन को कोलकाता नाइट राइडर्स ने उनके 30 लाख रुपये के बेस प्राइस पर अपनी टीम में शामिल किया। सार्थक एक भरोसेमंद ओपनिंग बल्लेबाज हैं और अब वे श्रेयस अय्यर और कैमरन ग्रीन जैसे दिग्गजों के साथ ड्रेसिंग रूम शेयर करेंगे।

सार्थक रंजन का चुना जाना बिहार क्रिकेट के लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है। सार्थक सिर्फ एक हाई-प्रोफाइल राजनेता के बेटे नहीं हैं, बल्कि उनके पीछे 10 साल की कड़ी मेहनत और संघर्ष है। सांसद पप्पू यादव के घर में इस वक्त खुशी का ठिकाना नहीं है, क्योंकि उनके बेटे ने अपनी पहचान खेल के मैदान पर अपने दम पर बनाई है। भले ही घरेलू स्तर पर उन्हें लगातार मौके नहीं मिले, लेकिन सार्थक ने हार नहीं मानी। अपनी तकनीक और ओपनिंग में टीम को मजबूत शुरुआत दिलाने की काबिलियत ने ही आज उन्हें KKR जैसी चैंपियन टीम का हिस्सा बनाया है।

KKR ने इस बार के ऑक्शन में ‘पैसा वसूल’ रणनीति अपनाई है। जहां उन्होंने कैमरन ग्रीन को 25 करोड़ में खरीदकर अपनी बल्लेबाजी को फौलादी बनाया, वहीं पथिराना को 16 करोड़ देकर गेंदबाजी को धार दी। इसी बड़े बजट वाली टीम में सार्थक रंजन का शामिल होना बताता है कि KKR की नजर बिहार की प्रतिभा पर भी है। सार्थक रंजन का चयन उन युवाओं के लिए एक प्रेरणा है जो सुविधाओं के अभाव में भी अपने सपनों को जिंदा रखते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *