नीतीश कुमार से अमीर हैं उनके मंत्री! जानें सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा के पास है कितना सोना और हथियार
नए साल के जश्न के बीच बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उनके कैबिनेट मंत्रियों ने अपनी संपत्ति का पूरा कच्चा-चिट्ठा सार्वजनिक कर दिया है। ‘सुशासन बाबू’ के पास कितनी नकदी है और उनके डिप्टी सीएम कितने ‘धनवान’ हैं, इसका पूरा ब्योरा कैबिनेट सचिवालय ने जारी किया है। चौंकाने वाली बात यह है कि बिहार के दोनों डिप्टी सीएम के पास मुख्यमंत्री से कहीं ज़्यादा संपत्ति है।
साल 2025 के आखिरी दिन नीतीश सरकार ने जनता के सामने अपनी संपत्ति का हिसाब रखा। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की बात करें, तो उनके पास महज 20,552 रुपये कैश हैं। उनके तीन अलग-अलग बैंक खातों में कुल मिलाकर लगभग 57,800 रुपये जमा हैं। उनकी कुल चल संपत्ति 17.66 लाख रुपये है, जिसमें एक Ford EcoSport गाड़ी और करीब 2 लाख रुपये के गहने शामिल हैं। अचल संपत्ति के नाम पर उनके पास दिल्ली के द्वारका में एक फ्लैट है, जिसकी वर्तमान कीमत 1.48 करोड़ रुपये आंकी गई है। दिलचस्प बात यह है कि मुख्यमंत्री के पास 10 गायें और 13 बछड़े भी हैं।
डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी के पास मुख्यमंत्री से अधिक नकदी और संपत्ति है। उनके पास 1.35 लाख रुपये कैश है, जबकि उनकी पत्नी के पास 35 हजार रुपये। सम्राट चौधरी के बैंक खातों में लाखों रुपये जमा हैं और उन्होंने शेयर बाजार व बॉन्ड्स में भी निवेश किया है। उनके पास 2023 मॉडल की बोलेरो नियो गाड़ी है। शौक और सुरक्षा की बात करें, तो उनके पास 200 ग्राम सोना और एक राइफल व एक रिवॉल्वर भी है। उनकी पत्नी के नाम पर पटना के गोला रोड में एक फ्लैट भी दर्ज है।
दूसरे डिप्टी सीएम विजय कुमार सिन्हा भी संपत्ति के मामले में पीछे नहीं हैं। उनके पास 88 हजार रुपये नकद हैं, लेकिन बैंक खातों में 55 लाख रुपये से अधिक की राशि जमा है। उन्होंने ‘पावर ग्रिड’ जैसी बड़ी कंपनियों में शेयर निवेश भी किया है। उनके पास 90 ग्राम सोने के आभूषण हैं। हालांकि, रिपोर्ट के अनुसार उन पर करीब 40 लाख रुपये का लोन भी है।
बिहार में यह परंपरा रही है कि हर साल के अंत में मुख्यमंत्री और उनके मंत्री अपनी संपत्ति सार्वजनिक करते हैं। इस बार के आंकड़ों ने फिर साबित किया है कि बिहार के ‘मुखिया’ अपने कई मंत्रियों से संपत्ति के मामले में पीछे हैं। जनता अब इस हिसाब-किताब को अपनी नजरों से देख रही है।
