वनतारा में मेस्सी का ‘देसी’ अवतार: मंदिर में की महाआरती, अनंत अंबानी के साथ जानवरों के प्रति जताया प्रेम

खेल और प्रकृति के मेल की तस्वीर सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है जिसने पूरी दुनिया का दिल जीत लिया है। फुटबॉल के महानायक लियोनेल मेस्सी ने इंडिया टूर के दौरान अनंत अंबानी के ड्रीम प्रोजेक्ट ‘वांतारा‘ का दौरा किया। वहां उन्होंने भारतीय संस्कृति को करीब से देखा। दुनिया के सबसे महान फुटबॉल खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी अपने साथी खिलाड़ियों लुइस सुआरेज़ और रोड्रिगो डी पॉल के साथ जामनगर के ‘वांतारा‘ पहुंचे। यहाँ उनका स्वागत किसी ग्लोबल स्टार की तरह नहीं, बल्कि एक पारंपरिक भारतीय मेहमान की तरह हुआ। ढोल-नगाड़ों की थाप, लोक संगीत और फूलों की वर्षा के बीच मेस्सी का भव्य स्वागत किया गया।

वांतारा की परंपरा के मुताबिक, हर शुभ काम की शुरुआत सनातन धर्म के आशीर्वाद से होती है। मेस्सी भी इस रंग में रंगे नजर आए। उन्होंने मंदिर में महाआरती में हिस्सा लिया। हाथ में पूजा की थाली लिए मेस्सी ने अंबे माता, गणेश जी और हनुमान जी की पूजा की और भगवान शिव का अभिषेक भी किया। इस दौरान उन्होंने विश्व शांति के लिए प्रार्थना की, जो भारतीय संस्कृति के ‘वसुधैव कुटुंबकम‘ के भाव को दर्शाती है। पूजा-पाठ के बाद मेस्सी ने वांतारा के विशाल संरक्षण केंद्र का भ्रमण किया। उन्होंने वहां बचाए गए हाथियों, शेरों, बाघों और अन्य लुप्तप्राय प्रजातियों को देखा। मेस्सी ने खुद अपने हाथों से जिराफ और हाथियों को खाना खिलाया। जानवरों के प्रति उनकी विनम्रता देखकर वहां मौजूद हर शख्स दंग रह गया। उन्होंने वांतारा के वर्ल्ड क्लास वाइल्डलाइफ हॉस्पिटल का भी दौरा किया, जहां बीमार जानवरों का इलाज किया जाता है।

लेकिन इस दौरे का सबसे खूबसूरत पल वो था, जब फुटबॉल के जादूगर का सामना ‘मणिकलाल‘ से हुआ। मणिकलाल एक छोटा हाथी है जिसे दो साल पहले बचाया गया था। जब मेस्सी ने मणिकलाल के साथ फुटबॉल खेलना शुरू किया, तो पूरा केंद्र तालियों से गूंज उठा। नन्हे हाथी ने भी मेस्सी के पास पर जबरदस्त फुर्ती दिखाई। खेल की ये वैश्विक भाषा देखकर वहां मौजूद अनंत और राधिका अंबानी भी मुस्कुरा उठे। मेस्सी के सम्मान में अनंत और राधिका अंबानी ने एक शेर के शावक का नाम भी ‘लियोनेल‘ रखा। यह पल काफी भावुक था, जो मेस्सी की विरासत और वन्यजीव संरक्षण के संकल्प को एक साथ जोड़ता है।

यात्रा के अंत में मेस्सी ने ‘नारियल उत्सर्ग‘ और ‘मटकी फोड़‘ जैसी पारंपरिक रस्मों में भी भाग लिया। अनंत अंबानी ने मेस्सी का आभार व्यक्त किया और बताया कि कैसे मेस्सी की ये यात्रा दुनिया भर में वन्यजीव संरक्षण का संदेश पहुंचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *