पवन सिंह पर पत्नी ज्योति का बड़ा हमला— “मैंने अपने दिल को बाज़ार नहीं बनाया”

भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह की शादीशुदा ज़िंदगी में मची हलचल थमने का नाम नहीं ले रही है। एक तरफ कोर्ट में तलाक की सुनवाई चल रही है, तो दूसरी तरफ सोशल मीडिया पर ‘वार’ और ‘पलटवार’ का दौर शुरू हो गया है। पवन सिंह की पत्नी ज्योति सिंह ने एक ऐसा वीडियो शेयर किया है, जिसने पूरी भोजपुरी इंडस्ट्री में खलबली मचा दी है। बिना नाम लिए ज्योति ने पवन सिंह पर तंज कसते हुए कहा है कि ‘मैंने अपने दिल को बाज़ार नहीं बनाया’।

पवन सिंह और ज्योति सिंह का रिश्ता पिछले काफी समय से तनाव के दौर से गुज़र रहा है, लेकिन अब ज्योति ने ‘चुप’ रहने के बजाय ‘बोलने’ का फैसला कर लिया है। हाल ही में ज्योति ने एक ग्लैमरस वीडियो पोस्ट किया, जिसमें बैकग्राउंड में गाना बज रहा था— ‘मन में अब सवाल ही नहीं है, अब तो तेरा इंतजार ही नहीं है।‘

लेकिन असली धमाका हुआ वीडियो के कैप्शन से, जहाँ ज्योति ने लिखा— ‘मैं खुद पर बहुत गर्व करती हूं, मैंने दिल को दिल ही रहने दिया बाजार नहीं बनाया।‘ जानकारों का मानना है कि यह सीधा हमला पवन सिंह पर है, जिनका नाम इन दिनों को-एक्ट्रेस महिमा सिंह के साथ जोड़ा जा रहा है। चर्चा तो यहाँ तक है कि पवन ने गुपचुप शादी भी रचा ली है, और शायद इसीलिए ज्योति ने ‘बाज़ार’ शब्द का इस्तेमाल कर अपना दर्द बयां किया है।

तलाक के केस और विवादों के बीच ज्योति ने अब अपनी ज़िंदगी में ‘मूव-ऑन’ करने का फैसला कर लिया है। उन्होंने अपनी बहन जूही के साथ मिलकर अपना नया यूट्यूब चैनल लॉन्च कर दिया है, जिसका नाम है— ‘ज्योति सिस्टर व्लॉग’। ज्योति ने साफ कर दिया है कि अब वो दूसरों के भरोसे नहीं, बल्कि अपनी शर्तों पर जिएंगी। इस चैनल के ज़रिए वो अपनी रोज़ाना की ज़िंदगी और हर छोटे-बड़े अपडेट्स फैंस के साथ शेयर करेंगी। ज्योति का यह कदम बताता है कि वो अब अपनी एक अलग पहचान बनाने की तैयारी में हैं और अपनी खुशियों की चाबी किसी और के हाथ में नहीं देना चाहतीं।

सोशल मीडिया की इस जंग के बीच कानूनी मोर्चे पर भी पवन सिंह की मुश्किलें बढ़ती दिख रही हैं। पिछली सुनवाई में पवन सिंह ‘तबीयत खराब’ का हवाला देकर कोर्ट नहीं पहुँचे थे। इस पर ज्योति के वकील ने कड़ा रुख अपनाते हुए चेतावनी दी है कि अगर अगली सुनवाई पर भी पवन सिंह हाज़िर नहीं हुए, तो उनके खिलाफ अरेस्ट वारंट इशू कराया जाएगा। जहाँ पवन सिंह हर हाल में तलाक चाहते हैं, वहीं ज्योति ने कोर्ट से गुज़ारिश की है कि या तो उन्हें साथ रखा जाए या फिर भारी-भरकम ‘एलिमनी’ यानी गुज़ारा भत्ता दिया जाए। अब सबकी नज़रें कोर्ट के फाइनल फैसले पर टिकी हैं।

पवन सिंह और ज्योति सिंह की ये लड़ाई अब उस मोड़ पर आ गई है जहाँ से वापसी मुमकिन नहीं लगती। एक तरफ स्टारडम और नई नज़दीकियां हैं, तो दूसरी तरफ आत्मसम्मान और नई शुरुआत की ज़िद। अब देखना होगा कि अगली सुनवाई में पवन सिंह कोर्ट पहुँचते हैं या फिर कानूनी शिकंजा उन पर और कसता जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *