सुपरस्टार निरहुआ का बड़ा बयान— “पत्नी मंशा से कभी प्यार नहीं हुआ, बस फर्ज निभा रहा हूँ”

भोजपुरी सिनेमा के ‘जुबली स्टार’ निरहुआ अक्सर एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे के साथ अपनी नज़दीकियों को लेकर खबरों में रहते हैं। लेकिन इस बार निरहुआ ने जो कहा है, उसने उनके फैंस के पैरों तले ज़मीन खिसका दी है। शादी के 26 साल बाद निरहुआ ने कबूल किया है कि उन्हें अपनी पत्नी मंशा यादव से कभी प्यार हुआ ही नहीं। उन्होंने अपनी शादी को महज़ एक ‘फर्ज’ और ‘जिम्मेदारी’ बताया है।

निरहुआ उर्फ दिनेश लाल यादव अपनी निजी ज़िंदगी पर बात करना पसंद नहीं करते, लेकिन हाल ही में एक इंटरव्यू में उनका दर्द छलक पड़ा। निरहुआ ने चौंकाने वाला खुलासा करते हुए कहा कि उनके माता-पिता ने उनकी शादी जबरदस्ती कराई थी। एक्टर ने बताया— ‘मैं कहता रहा की पहले मुझे कुछ बनने दीजिए फिर शादी करूंगा, पर वो नहीं माने। जीवनसाथी वो होना चाहिए जिससे आप प्यार करें, लेकिन मेरे साथ ऐसा नहीं हो पाया। मैंने अपनी पत्नी और बच्चों को भी बता दिया है की मैं सिर्फ फर्ज निभा रहा हूं।‘

दिनेश लाल यादव और मंशा यादव की शादी साल 2000 में हुई थी। आज इस शादी को 26 साल हो चुके हैं और उनके तीन बच्चे भी हैं। जहां निरहुआ सुपरस्टार बन गए, वहीं उनकी पत्नी मंशा हमेशा चकाचौंध से दूर रहीं। निरहुआ का नाम सालों से आम्रपाली दुबे के साथ जोड़ा जाता रहा, लेकिन मंशा ने कभी मीडिया में आकर एक शब्द नहीं कहा। निरहुआ ने कबूल किया कि उन्हें इस बात का पछतावा होता है कि वो उस इंसान के साथ हैं जिससे वो कभी प्यार नहीं कर पाए।

निरहुआ ने इंटरव्यू में ये भी साफ किया कि जो उनके साथ हुआ, वो अपने बच्चों के साथ नहीं होने देंगे। उन्होंने कहा कि वो अपने बच्चों को अपना जीवनसाथी चुनने की पूरी आजादी देंगे। निरहुआ का कहना है कि वो अपनी जिम्मेदारियों को पूरी शिद्दत से निभा रहे हैं और अपने परिवार के साथ हैं, लेकिन वो नहीं चाहते कि उनके बच्चों को भी ‘प्यार के बिना’ अपनी ज़िंदगी काटनी पड़े। एक्टर का ये बयान सोशल मीडिया पर तेज़ी से वायरल हो रहा है, जहाँ लोग उनकी ईमानदारी की तारीफ भी कर रहे हैं और उनकी पत्नी के लिए चिंता भी जता रहे हैं।

निरहुआ का ये बयान बताता है कि पर्दे पर हंसने-मुस्कुराने वाले सितारों की अपनी एक अलग कशमकश होती है। 26 साल तक एक रिश्ते को बिना प्यार के सिर्फ ‘कर्तव्य’ समझकर निभाना आसान नहीं होता।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *