बिहार के खिलाड़ियों को साइना नेहवाल सिखाएंगी जीत का मंत्र, खेल मंत्री श्रेयसी सिंह का मास्टरस्ट्रोक

पटना: बिहार के खेल के मैदानों में अब सितारों की महफिल सजने लगी है। अभी कुछ ही दिन पहले क्रिकेट के सुल्तान वीरेंद्र सहवाग पटना पहुंचे थें, और अब भारतीय बैडमिंटन की दिग्गज, पद्मश्री साइना नेहवाल ने बिहार की धरती पर कदम रखा है। साइना अब बिहार के उभरते शटलरों की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारेंगी।

बिहार की खेल नीति अब बड़े बदलाव की ओर है। वीरेंद्र सहवाग के बाद अब बैडमिंटन की दुनिया का बड़ा नाम—साइना नेहवाल, बिहार के खिलाड़ियों को तराशने के मिशन पर हैं। सोमवार को पटना पहुंची साइना ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह और खेल विभाग के आला अधिकारियों के साथ लंबी चर्चा की। साइना ने साफ कर दिया कि बिहार के टैलेंट को प्रशिक्षण देना उनके लिए गर्व की बात है।

मीडिया से बातचीत में साइना ने बिहार सरकार की खेल नीति की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि पहले खिलाड़ियों को भविष्य की चिंता सताती थी, लेकिन “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना ने उन्हें सुरक्षा और आत्मविश्वास दिया है। साइना के मुताबिक, जब इंफ्रास्ट्रक्चर और सही ट्रेनिंग मिलेगी, तो बिहार के खिलाड़ी अपने आप मेडल की लाइन लगा देंगे।

साइना नेहवाल ने खेल मंत्री श्रेयसी सिंह की सराहना करते हुए कहा कि एक इंटरनेशनल खिलाड़ी को खेल मंत्री के रूप में देखना सुखद है। बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रवींद्रण शंकरण के मुताबिक, साइना अब एकलव्य स्कूलों और अकादमी में जाकर सीधे खिलाड़ियों से जुड़ेंगी।

पहले सहवाग और अब साइना… बिहार का खेल जगत अब करवट ले रहा है। दिग्गज खिलाड़ियों का बिहार के प्रति यह रुझान बता रहा है कि आने वाले समय में यहाँ की मिट्टी से अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी निकलने वाले हैं। अब बस इंतजार है उस पल का, जब साइना के सिखाए खिलाड़ी कोर्ट पर अपना जलवा दिखाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *