बिहार में क्राइम पर ‘क्रेजी’ सियासत! राजीव प्रताप रूडी बोले— “तेजस्वी विदेश से आए और अपराध बढ़ गया

पटना: बिहार में इन दिनों अपराधी बेखौफ हैं और आम जनता सहमी हुई है। हत्या, लूट और अपहरण जैसी वारदातों ने राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विपक्ष जहाँ सरकार को ‘जंगलराज’ के नाम पर घेर रहा है, वहीं सत्ता पक्ष ने अब एक ऐसा तर्क दिया है जिसने सबको हैरान कर दिया है। बीजेपी सांसद राजीव प्रताप रूडी ने बिहार में बढ़ते क्राइम का सीधा कनेक्शन तेजस्वी यादव की विदेश यात्रा से जोड़ दिया है।

बिहार में बढ़ते अपराध को लेकर जब पटना एयरपोर्ट पर सारण के सांसद राजीव प्रताप रूडी से सवाल किया गया, तो उन्होंने अपराधियों के बजाय तेजस्वी यादव पर निशाना साधा। रूडी ने चुटकी लेते हुए कहा— तेजस्वी यादव कुछ दिनों के लिए बाहर गए हुए थे न… जब तेजस्वी कुछ दिनों के लिए विदेश गए हुए थे तब उस समय बिहार में अपराध कम था, लेकिन जब से वो लौटकर बिहार आए हैं अपराध बढ़ गया है। रूडी का यह बयान सीधे तौर पर संकेत देता है कि सत्ता पक्ष अपराध के पीछे विपक्ष की मौजूदगी को एक बड़ा कारण मान रहा है।

बता दें कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव पिछले कई दिनों से बिहार में ‘अपराध बुलेटिन’ जारी कर सरकार को कटघरे में खड़ा कर रहे हैं। हत्या, बलात्कार और डकैती जैसी घटनाओं को लेकर विपक्ष सरकार पर सवाल उठा रही है। लेकिन रूडी के इस पलटवार ने अब बहस का रुख ही मोड़ दिया है। सत्ता पक्ष का आरोप है कि विपक्ष केवल जनता को भ्रमित करने के लिए अपराध के आंकड़े पेश कर रहा है, जबकि सच्चाई कुछ और ही है।

एक तरफ जहाँ नेता एक-दूसरे पर जिम्मेदारी मढ़ने में व्यस्त हैं, वहीं बिहार की आम जनता अपराध के इस अचानक उछाल से डरी हुई है। बिहार में सरेआम हो रही वारदातों ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवालिया निशान लगा दिए हैं। अब सवाल यह है कि क्या इस तरह की बयानबाजी से अपराध कम होगा या यह केवल एक-दूसरे को नीचा दिखाने का राजनीतिक जरिया बनकर रह जाएगा?

बिहार में अपराध पर लगाम कसने के बजाय सत्ता और विपक्ष अब ‘व्यक्तिगत हमलों’ पर उतर आए हैं। राजीव प्रताप रूडी का तेजस्वी यादव पर यह हमला बिहार की राजनीति को और भी कड़वा बना सकता है। जनता यह जानना चाहती है कि आखिर पुलिस अपराधियों को कब सलाखों के पीछे पहुँचाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *