भोलेनाथ के दरबार में संजय दत्त! भारी सुरक्षा और हजारों फैंस के बीच पशुपतिनाथ मंदिर में टेका मत्था

एक तरफ सिनेमाघरों में प्रभास और संजय दत्त की फिल्म ‘द राजा साब’ का शोर है, तो दूसरी तरफ बॉलीवुड के ‘संजू बाबा’ आस्था की राह पर नजर आ रहे हैं। संजय दत्त नेपाल के प्रसिद्ध पशुपतिनाथ मंदिर पहुँचे, जहाँ उन्होंने भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। सफेद लिबास और गले में रुद्राक्ष की माला पहने संजय दत्त की एक झलक पाने के लिए काठमांडू की सड़कों पर फैंस की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।

आपको बता दें अभी हाल ही में संजय दत्त की फिल्म ‘द राजा साब’ रिलीज हुई, और इसी वक्त अभिनेता खुद भगवान शिव की शरण में पहुंचे है. नेपाल के काठमांडू स्थित ऐतिहासिक पशुपतिनाथ मंदिर में संजय दत्त ने अपने दिन की शुरुआत बेहद आध्यात्मिक अंदाज में की. साधारण सफेद कपड़ों और पारंपरिक अंगवस्त्र में सजे 66 साल के अभिनेता ने मंदिर परिसर के भीतर शिवलिंग और भगवान भैरव की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की.

संजय दत्त एक छोटी यात्रा पर काठमांडू पहुँचे थे. मंदिर जाने से पहले उन्होंने मीडिया के जरिए नेपाल और वहाँ के लोगों के प्रति अपना गहरा लगाव जाहिर करते हुए कहा— मुझे नेपाल और नेपाली लोग बहुत पसंद हैं। मंदिर में नेपाल टूरिज्म बोर्ड के सीईओ दीपक राज जोशी ने उनका भव्य स्वागत किया. जोशी का मानना है कि संजय दत्त जैसी बड़ी हस्तियों की यात्रा से नेपाल को एक प्रमुख टूरिस्ट डेस्टिनेशन के तौर पर वैश्विक पहचान मिलती है. गौरतलब है कि अपनी इस यात्रा के दौरान संजय दत्त ने एक कसीनो के उद्घाटन में भी हिस्सा लिया.

पशुपतिनाथ मंदिर परिसर से सामने आए विज़ुअल्स में अभिनेता के प्रति फैंस की जबरदस्त दीवानगी साफ देखी जा सकती है. भारी सुरक्षाबल की तैनाती के बावजूद फैंस अपने पसंदीदा स्टार की एक झलक पाने के लिए उत्साहित नजर आए. संजय दत्त भी बेहद शांत भाव से हाथ में पूजा की माला लिए और प्रशंसकों का अभिवादन स्वीकार करते हुए मंदिर से बाहर निकले.

संजय दत्त का यह आध्यात्मिक अवतार उनके फैंस को काफी पसंद आ रहा है। एक तरफ ‘द राजा साहब’ में उनका खौफनाक ‘राजा’ वाला किरदार चर्चा में है, तो दूसरी तरफ पशुपतिनाथ में उनका यह सरल और सादगी भरा अंदाज।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *