‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर रिलीज! अब शिकार नहीं, ‘शिकारी’ बनेंगी लड़कियां— 27 फरवरी को खुलेगा धर्मांतरण का नया चैप्टर

धर्मांतरण और धोखे की जिस कहानी ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था, उसका दूसरा हिस्सा यानी ‘द केरल स्टोरी 2’ का टीजर आउट हो गया है। इस बार कहानी सिर्फ दर्द और आंसू की नहीं है, बल्कि पलटवार और बदले की है। फिल्म में दिखाया गया है कि कैसे प्यार को हथियार बनाकर लड़कियों की पहचान छीनी जाती है।

‘द केरल स्टोरी 2: गोज बियॉन्ड’ का टीजर पहले चैप्टर से कहीं ज्यादा गंभीर है। इस बार फिल्म तीन हिंदू लड़कियों की कहानी है जिनका किरदार उल्का गुप्ता, ऐश्वर्या ओझा और अदिति भाटिया ने निभाया है। फिल्म दिखाती है कि कैसे तीन लड़कों से प्यार करना उनकी जिंदगी का सबसे डरावना मोड़ बन जाता है। जो रिश्ता भरोसे और इमोशन्स से शुरू हुआ, वह धीरे-धीरे धर्मांतरण के एक सोचे-समझे एजेंडे और धोखे में बदल जाता है। टीजर के हर फ्रेम में डर, गुस्सा और सच्चाई साफ नजर आ रही है।

फिल्म का दूसरा हिस्सा इस बात पर जोर देता है कि लड़कियां अब सिर्फ जुल्म सहने वाली शिकार नहीं रहेंगी। टीजर में लड़कियों का बदला हुआ तेवर दिख रहा है—वे खड़ी होती हैं, आवाज उठाती हैं और पूरी ताकत से पलटकर जवाब देती हैं। टीजर के साथ गूंजता नारा ‘अब सहेंगे नहीं… लड़ेंगे!’ फिल्म की रूह को बयां करता है। विपुल अमृतलाल शाह के प्रोडक्शन में बनी यह फिल्म 27 फरवरी, 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

याद दिला दें कि अदा शर्मा स्टारर पहले पार्ट ने न केवल बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्ड तोड़े थे, बल्कि देशभर में एक बड़ी बहस छेड़ दी थी। ‘द केरल स्टोरी 2’ उसी सिलसिले को और आगे ले जाने का वादा करती है। टीजर देखकर साफ है कि फिल्म ‘कम्फर्ट जोन’ से बाहर जाकर उन कड़वे सवालों को उठाएगी जिन्हें अक्सर दबा दिया जाता है।

टीजर ने साफ कर दिया है कि ‘द केरल स्टोरी 2’ केवल एक फिल्म नहीं, बल्कि एक कड़ा विरोध है। धर्मांतरण के जाल से निकलकर लड़ने की ये कहानी दर्शकों को कितना झकझोर पाती है, ये 27 फरवरी को साफ होगा। फिलहाल, फिल्म के टीजर ने सोशल मीडिया पर बहस का तापमान बढ़ा दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *