आदिनिवास द्वारा ‘आदिवासी गौरव सम्मान समारोह–2026’ का हुआ भव्य आयोजन, 40 विशिष्ट आदिवासी प्रतिभाओं को किया गया सम्मानित
रांची: आदिनिवास के तत्वावधान में शनिवार को रांची स्थित कोर्टयार्ड बाय मैरियट, कांके में ‘आदिवासी गौरव सम्मान समारोह–2026’ का भव्य आयोजन किया गया। समारोह में आदिवासी समाज के विभिन्न समुदायों एवं क्षेत्रों से जुड़े लगभग 40 विशिष्ट व्यक्तित्वों को उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम झारखंड पर्यटन के प्रायोजन से आयोजित हुआ।
समारोह की शुरुआत धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद अतिथियों का स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में सुमन्त कांत तिग्गा,IG रिटायर्ड,बीरेंद्र टोप्पो IG CRPF रिटायर्ड, शांति उरांव,फादर निकोलस बारला, मनीष पाहन,LM उरांव,शशि पन्ना सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का स्वागत भाषण सोशल एक्टिविस्ट एवं ट्राइबल लीडर अनिल अमिताभ पन्ना ने दिया। अपने संबोधन में उन्होंने आदिवासी एकता को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि भाषा, बोली, रीति-रिवाज और क्षेत्रीय विविधताओं के बावजूद सभी आदिवासी समुदायों की सांस्कृतिक जड़ें और पहचान एक-दूसरे से जुड़ी हुई हैं। समाज के अधिकारों की रक्षा, विकास और आने वाली पीढ़ियों के बेहतर भविष्य के लिए आपसी एकजुटता और सहयोग को मजबूत करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के उन विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित करना गर्व का विषय है, जिन्होंने अपनी पारंपरिक जिम्मेदारियों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करते हुए सामाजिक विकास, शिक्षा, संस्कृति, कला, साहित्य और सामुदायिक नेतृत्व के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
समारोह में रूपरानी तिर्की, सुमराय टेटे,एंजेल मेरीना तिर्की, कांति गाड़ी, पूजा अमृता उरांव, लक्ष्मी रानी मांझी, अल्फा टोप्पो, सुभाशीष रशिक सोरेन, कपिल टोप्पो,अमरनाथ लकड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली आदिवासी प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया। सभी सम्मानित व्यक्तित्वों को झारखंड के गणमान्य अधिकारियों एवं अतिथियों द्वारा सम्मान प्रदान किया गया।
इस अवसर पर आदिनिवास के स्टेट हेड सजित टोप्पो ने आदिनिवास की परिकल्पना, उद्देश्य और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि आदिवासी समाज को एक सूत्र में जोड़ने, विभिन्न जनजातीय समुदायों के बीच संवाद और संपर्क बढ़ाने तथा उनकी संस्कृति, परंपरा, प्रतिभा और उपलब्धियों को एक साझा मंच देने के उद्देश्य से आदिनिवास डिजिटल ऐप विकसित किया गया है। उन्होंने कहा कि डिजिटल माध्यम से आदिवासी समाज की सामूहिक पहचान और सहभागिता को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।आयोजन का मुख्य उद्देश्य आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण, पारंपरिक मूल्यों को प्रोत्साहन, जनजातीय पहचान को मजबूत करना तथा समाज के लिए अनुकरणीय कार्य करने वाले व्यक्तित्वों को उचित सम्मान देना रहा।
आदिनिवास का यह आयोजन केवल सम्मान समारोह नहीं, बल्कि आदिवासी एकता, गौरव, सामाजिक सहभागिता और सांस्कृतिक संरक्षण का साझा मंच बना। समारोह ने यह संदेश दिया कि आदिवासी समाज की वास्तविक शक्ति उसकी एकता, परंपरा, संस्कृति और सामूहिक नेतृत्व में निहित है।
अंत में स्टेट हेड सजित टोप्पो आदिनिवास की ओर से सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित व्यक्तित्वों, प्रतिभागियों एवं सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
