पीएम मोदी ने स्मित मछार से वीडियो कॉल पर की बात, कहा- ‘पूरा देश आपके साथ है कैप्टन’
नई दिल्ली: देश की रक्षा और सेवा में अपनी जान जोखिम में डालने वाले जांबाजों की कमी नहीं है। हाल ही में फ्लाईदुबई की एक गंभीर घटना में घायल हुए भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कॉल पर बात की है। करीब 9 मिनट तक चली इस बातचीत में पीएम मोदी ने स्मित की बहादुरी, उनकी सूझबूझ और मुश्किल वक्त में दिखाए गए गजब के संयम की जमकर तारीफ की है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार से वीडियो कॉल पर करीब 9 मिनट तक बात की। पीएम मोदी ने कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है और उनके जल्द स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के लोग दूसरों की जान लेने वाले नहीं, बल्कि दूसरों की जान बचाने के लिए अपनी जान जोखिम में डालने वाले लोग हैं। स्मित की मां गीता बेन का जिक्र करते हुए पीएम ने कहा कि उन्हें भगवद्गीता की सीख और शानदार संस्कारों के साथ बड़ा किया गया है, जिसकी झलक स्मित की बहादुरी में साफ दिखाई देती है।
प्रधानमंत्री से बात करते हुए कैप्टन स्मित काफी भावुक हो गए। उन्होंने पीएम मोदी से कहा कि उनसे बात करना उनके जीवन का सबसे खास पल है। स्मित ने गर्व के साथ बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उनके सबसे बड़े आदर्श हैं और उन्होंने कभी सपने में भी नहीं सोचा था कि उन्हें कभी सीधे देश के पीएम से बात करने का मौका मिलेगा।
इस बातचीत का सबसे प्रेरणादायक हिस्सा वह था जब कैप्टन स्मित ने अपनी अंदरूनी ताकत का राज खोला। स्मित ने पीएम मोदी को बताया कि जब भी वह किसी मुश्किल में होते हैं, तो वह हनुमान चालीसा का पाठ करते हैं। घटना के दौरान जब हालात सबसे ज्यादा खतरनाक और तनावपूर्ण थे, तब भी वह लगातार हनुमान चालीसा पढ़ रहे थे, जिसने उन्हें हर मुश्किल घड़ी से पार पाने की असीम हिम्मत दी।
एक तरफ जहां प्रधानमंत्री ने स्मित की सूझबूझ को सराहा, वहीं स्मित के संस्कारों और हनुमान चालीसा में उनकी अटूट आस्था ने यह साबित कर दिया कि भारतीय जांबाज विपरीत से विपरीत परिस्थितियों में भी हार नहीं मानते।
