पवन सिंह ने माना मनोज तिवारी का लोहा! जन्मदिन पर फोटो शेयर कर लिखा— “भोजपुरी इंडस्ट्री के बॉस हैं मनोज भैया”

भोजपुरी सिनेमा के दो ‘महाबली’ जब एक फ्रेम में आए, तो सोशल मीडिया पर जलजला आ गया! मौका था मनोज तिवारी के 55वें जन्मदिन का, लेकिन सुर्खियां बटोर ले गए ‘पावर स्टार’ पवन सिंह। पवन सिंह ने मनोज तिवारी को जन्मदिन की बधाई देते हुए उन्हें जो नाम दिया है, उसने पूरी इंडस्ट्री में महफिल लूट ली। पवन ने खुलेआम कह दिया है कि— ‘मनोज भैया ही इंडस्ट्री के असली बॉस हैं।

भोजपुरी फिल्म इंडस्ट्री के दो सबसे बड़े दिग्गजों के बीच की ये तस्वीर आज इंटरनेट पर छाई हुई है। पवन सिंह ने इंस्टाग्राम पर मनोज तिवारी को गले लगाते हुए अपनी एक फोटो शेयर की और कैप्शन में लिखा— “भोजपुरी इंडस्ट्री के बॉस, दिल्ली के सांसद हमारे मनोज तिवारी भैया को जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं।“ पवन सिंह का यह छोटा सा मैसेज बड़े संकेत दे रहा है कि मनोज तिवारी आज भी इस इंडस्ट्री के मार्गदर्शक और ‘बॉस’ माने जाते हैं।

वहीं, मनोज तिवारी ने अपना जन्मदिन सादगी और अपनों के बीच मनाया। दिल्ली के 11 मूर्ति इलाके में आयोजित कार्यक्रम में दूर-दराज से आए फैंस और बीजेपी कार्यकर्ताओं ने अपने चहेते नेता और अभिनेता का स्वागत किया। मनोज तिवारी ने इस जश्न की तस्वीरें शेयर करते हुए सबका आभार जताया।

मनोज तिवारी की पहचान सिर्फ उनके गानों तक सीमित नहीं है। साल 2004 में आई उनकी फिल्म ‘ससुरा बड़ा पईसावाला’ ने वो करिश्मा कर दिखाया था जिसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। 30 लाख में बनी फिल्म ने उस दौर में 9 करोड़ का बिजनेस कर सबको चौंका दिया था। ‘गोरिया चांद के अजोरियां’ और ‘हाफ पैंट वाली’ जैसे गानों ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। आज जब वे 55 साल के हो गए हैं, तो उनकी ये विरासत और भी ज्यादा मजबूत नजर आ रही है।

मनोज तिवारी के लिए पवन सिंह का ‘बॉस’ शब्द कहना ये बताता है कि नई पीढ़ी के कलाकार भी उनके योगदान का कितना सम्मान करते हैं। गायकी से शुरू हुआ ये सफर आज राजनीति के शिखर तक पहुँच चुका है, लेकिन मनोज तिवारी का जुड़ाव आज भी अपनी माटी और संगीत से उतना ही गहरा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *