पवन सिंह का ‘पावर’ या ‘गुस्सा’? गुंजन सिंह की पार्टी में मचाया बवाल, शख्स को मारने के लिए दौड़े!

भोजपुरी के पावरस्टार पवन सिंह और विवादों का चोली-दामन का साथ है। अभी उनकी तीसरी शादी की चर्चाएं थमी भी नहीं थीं कि लखनऊ की एक पार्टी से उनका एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है। सिंगर गुंजन सिंह के जन्मदिन के जश्न में पवन सिंह इतने नाराज हो गए कि एक शख्स को मारने के लिए आगे बढ़ गए।

20 जनवरी की रात लखनऊ में भोजपुरी सिंगर गुंजन सिंह के जन्मदिन की शानदार पार्टी चल रही थी। महफिल सजी थी, एक्ट्रेस महिमा सिंह, शिल्पी राज और विजय चौहान जैसे नामचीन सितारे मौजूद थे। मंच से सुरों की तान छिड़ी थी, लेकिन अचानक माहौल तनावपूर्ण हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि पवन सिंह मंच के नीचे बैठे थे, तभी कुछ लोग वहां आकर नाचने लगे, जिससे पवन सिंह का ‘मिजाज’ बिगड़ गया।

पवन सिंह ने झल्लाकर माइक थामा और वहां मौजूद लोगों को जमकर लताड़ लगाई। उन्होंने गुस्से में कहा— आज बहुत सालों बाद मेरा मन हुआ है… मेरा मिजाज़ हुआ है की मैं कुछ सुनूंगा.. कौन हो तुम… मुझे सुनने दो.. डोन्ट डिस्टर्ब मी… बात इतनी बढ़ गई कि पवन सिंह एक शख्स की ओर मारने के लिए झपटे, जिसके बाद उनके बाउंसरों और वहां मौजूद लोगों ने बड़ी मुश्किल से उन्हें शांत कराया। इसी दौरान कुछ लोग चिल्लाने लगे— “कैमरा बंद करो… कैमरा बंद करो।”

हालांकि अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि पवन सिंह के गुस्से की असल वजह क्या थी, लेकिन माना जा रहा है कि मंच के करीब लोगों का नाचना उन्हें रास नहीं आया। पवन सिंह की तरफ से अभी इस पर कोई बयान नहीं आया है, लेकिन सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल कर रहे हैं। गौरतलब है कि पवन सिंह अपनी निजी जिंदगी और कथित तीसरी शादी को लेकर पहले से ही सवालों के घेरे में हैं।

पवन सिंह के लिए यह विवाद कोई नया नहीं है, लेकिन एक जन्मदिन की पार्टी में इस तरह का व्यवहार उनके फैंस को भी हैरान कर रहा है। जहां एक तरफ गुंजन सिंह की पार्टी में रौनक होनी चाहिए थी, वहीं अब चर्चा केवल पवन सिंह के गुस्से की हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *