बजरंगबली के दरबार में ‘राहु केतु’! दिल्ली के प्राचीन हनुमान मंदिर में पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा ने टेका मत्था

नई दिल्ली: बॉलीवुड की सबसे चुलबुली जोड़ी, यानी ‘फुकरे’ फेम पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा, अपनी अगली फिल्म ‘राहु केतु’ के साथ एंटरटेनमेंट का डबल डोज़ लेकर आ रहे हैं। फिल्म का प्रमोशन करने दिल्ली पहुँचे इन सितारों ने न सिर्फ प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सवालों के जवाब दिए, बल्कि प्राचीन हनुमान मंदिर जाकर बजरंगबली का आशीर्वाद भी लिया।

अपनी कॉमेडी से सबको गुदगुदाने वाले पुलकित सम्राट और वरुण शर्मा ने दिल्ली पहुँचते ही सबसे पहले भगवान का आशीर्वाद लिया। कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में पुलकित सम्राट, वरुण शर्मा और प्रोड्यूसर सूरज सिंह ने मत्था टेका। जैसे ही फैंस को पता चला कि उनके चहेते सितारे मंदिर में हैं, वहाँ सेल्फी लेने वालों की भारी भीड़ जुट गई। फिल्म की सफलता की दुआ मांगने के बाद टीम सीधे प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए रवाना हुई।

ली मेरिडियन होटल में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलकित सम्राट अपनी दिवंगत मां को याद कर भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी मां को कॉमेडी फिल्में बहुत पसंद थीं और यह फिल्म उन्हें समर्पित है। वहीं, वरुण शर्मा ने फिल्म के टाइटल ‘राहु केतु’ पर जबरदस्त चुटकी ली। उन्होंने बताया कि फिल्म में वे ‘राहु’ यानी सिर हैं और पुलकित ‘केतु’ यानी शरीर, और जब ये दोनों मिलते हैं, तो स्क्रीन पर हंसी का तूफान आ जाता है।

वरुण शर्मा ने माना कि कॉमेडी करना सबसे मुश्किल है क्योंकि दर्शकों को हंसाना हमेशा एक बड़ी चुनौती होती है। वहीं पुलकित ने साफ किया कि ‘राहु और केतु’ को लोग भले ही अशुभ मानते हों, लेकिन फिल्म में ये दोनों नाम महत्वाकांक्षा और प्यार का प्रतीक हैं। फिल्म का निर्माण ज़ी स्टूडियोज़ और बी-लाइव प्रोडक्शंस ने किया है, जिसमें शालिनी पांडे और चंकी पांडे भी अहम भूमिकाओं में हैं।

दिल्ली के प्राचीन हनुमान मंदिर में आशीर्वाद के साथ ‘राहु केतु’ की टीम ने अपनी फिल्म का डंका बजा दिया है। अब देखना दिलचस्प होगा कि 16 तारीख को जब यह जोड़ी सिनेमाघरों में उतरेगी, तो बॉक्स ऑफिस पर ‘राहु’ और ‘केतु’ की ये दशा क्या रंग लाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *