मोहन भागवत ने फूंका ‘भगवा’ का शंखनाद! सुखविंदर सिंह की आवाज़ में फिल्म ‘शतक’ का पहला गाना दिल्ली में हुआ लॉन्च

नई दिल्ली, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी आरएसएस अपनी स्थापना के 100 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक यात्रा को बड़े पर्दे पर जीवंत करने वाली फिल्म ‘शतक’ का पहला गाना ‘भगवा है अपनी पहचान’ रविवार को दिल्ली के केशव कुंज में लॉन्च किया गया। स्वयं सरसंघचालक मोहन भागवत ने इस ऊर्जावान गीत का लोकार्पण किया।

फिल्म ‘शतक’ का यह पहला गीत ‘भगवा है अपनी पहचान’ महज एक गाना नहीं, बल्कि भारतीय सभ्यता की चेतना का उद्घोष है। यह गीत भगवा रंग के प्रतीक—त्याग, तपस्या और अनुशासन को स्वर देता है। गायक सुखविंदर सिंह की ओजपूर्ण आवाज ने इस राष्ट्रवादी गीत में जान फूंक दी है। संगीतकार सनी इंदर की धुन और राकेश कुमार पाल के बोलों से सजा यह गीत समाज को राष्ट्रहित में एकजुट होने का आह्वान करता है।

इस अवसर पर सरसंघचालक मोहन भागवत ने कहा कि डॉ. हेडगेवार का जीवन ही आरएसएस की आत्मा है, जो ‘भारत सर्वोपरि’ के सिद्धांत पर आधारित है। उन्होंने जोर देकर कहा कि संघ बदल नहीं रहा, बल्कि अपने मूल्यों के साथ निरंतर विकसित हो रहा है। मोहन भागवत के अनुसार, फिल्म ‘शतक’ संघ की उन अनकही कहानियों और संघर्षों को दुनिया के सामने लाएगी, जो अब तक पर्दे के पीछे थे।

सिंगर सुखविंदर सिंह ने इस मौके को अपने लिए गर्व का क्षण बताया। उन्होंने कहा कि सरसंघचालक द्वारा गीत लॉन्च किया जाना उनके लिए आशीर्वाद जैसा है। सुखविंदर के मुताबिक, यह गीत उनके लिए सिर्फ एक प्रोजेक्ट नहीं, बल्कि राष्ट्रसेवा है, जो हिंदुस्तान की सच्ची आत्मा को दर्शाता है।

फिल्म ‘शतक’ संघ के सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान की वो गाथा है, जिसका इंतजार लंबे समय से किया जा रहा था। ‘भगवा है अपनी पहचान’ गीत के साथ इस सफर की धमाकेदार शुरुआत हो चुकी है। अब दर्शकों को इंतजार है पूरी फिल्म के पर्दे पर आने का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *