कैंची धाम से ओटीटी तक! नीम करोली बाबा पर आ रही है 20 भाषाओं वाली मेगा सीरीज ‘संत’

कैंची धाम वाले बाबा, जिनके एक इशारे पर दुनिया की सबसे बड़ी हस्तियों की जिंदगी बदल गई। स्टीव जॉब्स, जूलिया रॉबर्ट्स और मार्क जुकरबर्ग जैसे नामों को रास्ता दिखाने वाले महान संत ‘नीम करोली बाबा’ की कहानी अब पर्दे पर उतरने वाली है। अलमाइटी मोशन पिक्चर ने अपनी सबसे महत्वाकांक्षी वेब सीरीज ‘संत’ का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। यह सिर्फ एक सीरीज नहीं, बल्कि भारतीय अध्यात्म का वो वैश्विक चेहरा होगा जिसे 20 भाषाओं में दुनिया देखेगी।

भारतीय सिनेमा के इतिहास में आध्यात्मिक कहानियों को अब एक नया आयाम मिलने जा रहा है। ‘संत’ नाम की यह प्रीमियम वेब सीरीज 7 भागों में तैयार की जाएगी। निर्माता प्रभलीन संधू का विजन इसे केवल भारत तक सीमित रखना नहीं है, इसीलिए इसे 20 अलग-अलग भाषाओं में बनाया जा रहा है। यह सीरीज नीम करोली बाबा के उन अनकहे पहलुओं, उनके प्रेम, सेवा और करुणा के दर्शन को दुनिया के सामने लाएगी, जिसने सात समंदर पार बैठे दिग्गजों को भी अपना मुरीद बना लिया था।

इस सीरीज को विश्वस्तरीय बनाने के लिए यूनाइटेड किंगडम (UK) के बड़े तकनीकी विशेषज्ञों को टीम में शामिल किया गया है। 1960 और 70 के दशक के उस कालखंड को फिर से जीवित करने के लिए हाई-एंड वीएफएक्स (VFX) और एआई (AI) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। पिछले दो साल से इस पर गहन रिसर्च चल रही है। दिलचस्प बात यह है कि निर्माता मार्क जुकरबर्ग और जूलिया रॉबर्ट्स जैसी हस्तियों से भी संपर्क करने की योजना बना रहे हैं, ताकि बाबा के वैश्विक प्रभाव को प्रामाणिक ढंग से दिखाया जा सके।

निर्माता प्रभलीन संधू के लिए यह प्रोजेक्ट किसी जिम्मेदारी से कम नहीं है। उनका मानना है कि बाबा ने उनके जीवन के सबसे मुश्किल दौर में उन्हें रास्ता दिखाया, इसलिए यह सीरीज उनकी बाबा के प्रति एक ‘भक्ति सेवा’ है। प्रभलीन इससे पहले नसीरुद्दीन शाह के साथ ‘मेड इन इंडिया’ जैसी प्रतिष्ठित सीरीज बना चुकी हैं, जिससे दर्शकों की उम्मीदें और भी बढ़ गई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *