दिल्ली में प्रेयर मीटिंग: धर्मेंद्र को श्रद्धांजलि देने पहुंचे अमित शाह, ओम बिरला और फिल्म इंडस्ट्री के नामचीन चेहरे

दिल्ली: बॉलीवुड के ‘ही-मैन’ धर्मेंद्र को दिल्ली में अंतिम श्रद्धांजलि दी गई। डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित प्रेयर मीटिंग में उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए राजनीतिक, सामाजिक और फिल्म जगत की तमाम हस्तियाँ एक साथ उपस्थित हुईं।

धर्मेंद्र की लोकप्रियता का प्रमाण यह था कि उन्हें श्रद्धांजलि देने के लिए सत्ता और विपक्ष दोनों के प्रमुख नेता शामिल हुए। राजनीति जगत की बड़ी हस्तियाँ इस दौरान मौजूद रहीं। श्रद्धांजलि देने वालों में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण और किरेन रिजिजू प्रमुख थे। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला सहित कई वरिष्ठ सांसदों और नेताओं ने भी दिग्गज अभिनेता के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह सबसे पहले उन्हें नमन करने पहुंचे। उन्होंने धर्मेंद्र के सरल स्वभाव और भारतीय सिनेमा में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके 6 दशक तक भारतीय सिनेमा में राज करने को लेकर सराहना की। उनके साथ बीजेपी अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और केंद्रीय मंत्री निर्मला सीतारमण सहित कई वरिष्ठ सांसद भी मौजूद थे।

फिल्म जगत से भी कई जानी-मानी हस्तियों ने धर्मेंद्र की याद में सिर झुकाया। इनमें प्रमुख रूप से अभिनेता रंजीत, फिल्म निर्देशक अनिल शर्मा और कई अन्य कलाकार शामिल रहे, जिन्होंने उनके साथ काम करने के अनुभव साझा किए। इस दौरान सबसे भावुक थीं उनकी पत्नी, अभिनेत्री हेमा मालिनी।

लोगों के दिलों में बसने वाले सच्चे सुपरस्टार’ धर्मेंद्र जी को अंतिम विदाई देने के लिए बड़ी संख्या में प्रशंसक भी मौजूद रहे। राजनीति से लेकर सिनेमा तक, हर क्षेत्र के लोगों ने एकमत से उनके अमिट योगदान को याद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *