
हिसार, 5 जुलाई | मिशन ग्रीन फाऊंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष स्वामी सहजानंद नाथ ने आज हिसार की एसपी मनीषा चौधरी से मिलकर उनसे ‘राहगिरी’ कार्यक्रम व उनके पर्यावरण संबंधी अभियान के बारे में विस्तार से चर्चा की। उन्होंने राहगिरी कार्यक्रम के संचालन के लिए प्रशासन की सराहना भी की। इस अवसर पर स्वामी सहजानंद नाथ ने राहगिरी कार्यक्रम में सुधार करने बारे अपने सुझाव भी एसपी मनीषा चौधरी को दिए। उन्होंने कहा कि प्रशासन व आम जनता के बीच मधुर संबंध स्थापित करने में राहगिरी कार्यक्रम एक शानदार शुरूआत है जिसमें कुछ सुधार करके इसे और बेहतरीन व प्रभावशाली बनाया जा सकता है। सर्व प्रथम स्वामी सहजानंद नाथ ने कार्यक्रम का समय 40 मिनट का करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही कार्यक्रम स्थल पर ऐसे लोगों को स्टॉल लगाने का मौका दिए जाने का सुझाव दिया जो लोगों को अपनी कला व अन्य ढंग से सामाजिक संदेश देना चाहते हैं ताकि लोगों को विभिन्न सामाजिक समस्याओं व मुद्दों पर इन स्टॉल्स के माध्यम से अधिक से अधिक जागरुक किया जा सके। उन्होंने कहा कि मिशन ग्रीन फाऊंडेशन खुद पॉलिथीन मुक्त अभियान के तहत स्टॉल लगाने की इच्छुक है जिसके माध्मय से लोगों को पॉलिथीन का उपयोग न करने की शपथ दिलाई जाएगी और पॉलिथीन से होने वाले गंभीर पर्यावरणीय नुकसान के बारे में लोगों को जागरुक किया जाएगा। इसके साथ ही सभी स्कूलों को भी इस कार्यक्रम से जोड़ा जाए ताकि बच्चों के माध्यम से भी समाज में जागरुकता फैले। राहगिरी में भाग लेने वाले योगा, डांस व खेलकूद आदि के सभी कलाकारों को पुरस्कृत किया जाए ताकि सभी में कार्यक्रम के प्रति उत्साह बढ़े। उन्होंने कहा कि राहगिरी में आए लोगों के लिए प्रशासन की ओर टॉयलेट-बाथरूम की समुचित व्यस्था की जानी चाहिए ताकि उन्हें परेशानी का सामना ना करना पड़े। ‘नेकी की दीवार’ जिस पर लोग अपने पुराने कपड़े छोड़ कर जाते हैं उस पर शैड इत्यादि बनाया जाए क्योंकि खुले में पड़े कपड़ों में कूत्ते इत्यादि पेशाब करते हैं और उन्हें खराब करते हैं।

स्वामी सहजानंद नाथ ने कहा कि आज सोशल मीडिया किसी भी अभियान की सफलता में अहम योगदान निभा सकता है इसलिए राहगिरी को लेकर पूरे हरियाणा में एक मोबाइल ऐप बनाई जाए जिससे सभी जिलों को जोड़ा जाए और यह ऐप केवल प्रशासनिक अधिकारियों की बजाय आम जन मानस के लिए भी उपलब्ध हो ताकि इससे जुडक़र सभी लोग इस कार्यक्रम के प्रति जागरुक हों। वर्तमान में यह कार्य केवल प्रशासन द्वारा ही व्हाट्स ग्रुप के माध्मय से किया जा रहा है। ऐप के माध्यम से लोगों में सामाजिक संदेश भेजने का काम भी बखूबी किया जा सकता है। इसके साथ स्वामी सहजानंद नाथ ने शहर के बुद्धिजीवी व जागरुक 21 लोगों के नामों की सूचि भी एसपी को दी जो इस कार्यक्रम को संचालित करने में प्रशासन को भरपूर सहयोग देगी।
एसपी ने मिशन ग्रीन फाउंडेशन व स्वामी सहजानंद नाथ के अभियान की सराहना की व जल्द ही अन्य प्रशासनिक अधिकारियों डीएसपी, एसडीएम आदि को इसमें शामिल कर उनके सुझावों पर अमल करने की बात कही। उन्होंने मिशन ग्रीन फाऊंडेशन की कैप पहनकर फाऊंडेशन की टीम का उत्साहवद्र्धन किया।